जीरकपुर । पंजाब पुलिस ने उत्तराखंड के ऊधमसिंहनगर क्षेत्र के स्टोन क्रेशर स्वामी स्वामी के दो हत्यारों समेत दविंदर बंबिहा गैंग के चार शूटरों को गिरफ्तार किया है।
पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि 13 अक्टूबर को उत्तराखण्ड के काशीपुर के कुंडेश्वरी गांव में खनन व्यवसायी महल सिंह की उनके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस ऑपरेशन को एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स , काउंटर इंटेलिजेंस पंजाब, जिला पुलिस उधम सिंह नगर उत्तराखंड, स्पेशल सेल दिल्ली और जिला पुलिस एस एस नगर द्वारा संयुक्त रूप से चलाया गया।
गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान जिला मानसा निवासी साधु सिंह, जगदीश सिंह उर्फ दिशा, मनप्रीत सिंह उर्फ मणि उर्फ चुची, जसप्रीत सिंह उर्फ लॉक के रूप में हुई है. पुलिस टीमों ने एक 30 कैलिबर पिस्तौल के साथ दो मैगजीन और सात जिंदा कारतूस, एक 9 एमएम पिस्टल के साथ एक मैगजीन और एक तुर्की निर्मित 9 एमएम मशीन-पिस्तौल के साथ तीन मैगजीन भी बरामद की हैं, जिसमें 31 कारतूस क्षमता की एक मैगजीन हैं। उनके पास से कारतूस और एक अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी साधु सिंह व मनप्रीत सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर गैंगस्टर से आतंकी बने अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श डल्ला व सुखदूल सिंह उर्फ सुखा दुनेके के निर्देश पर स्टोन क्रेशर स्वामी महल सिंह की हत्या कर दी। उनके साथ दो अन्य गिरफ्तार व्यक्तियों ने उन्हें हथियार, रसद सहायता प्रदान की है और मृतक के घर की रेकी की भी है।
डीजीपी ने बताया कि जाँच दौरान यह भी जानकारी में आया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्ति पंजाब और पड़ोसी राज्यों के क्षेत्र में जघन्य अपराध करने की साजिश रच रहे थे। इस बीच, भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 392, 384, 473, 120 बी और आर्म्स एक्ट, पीएस की धारा 25 (7) और (8) के तहत मामला प्राथमिकी संख्या 441, दिनांक 28-10-2022 दर्ज किया गया है। इनके खिलाफ जीरकपुर जिला एसएएस नगर में मामला दर्ज किया गया है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal
