
@शब्द दूत ब्यूरो (29 जुलाई 2022)
नैनीताल भवाली मार्ग पर भारी बारिश के चलते पहाड़ी का एक हिस्सा ढह गया। भूस्खलन की वजह से सड़क का 50 मीटर हिस्सा खाई में जा समाया। इस भूस्खलन की वजह से ज्योलीकोट के रास्ते ग्रामीणों को नैनीताल जाना पड़ेगा। सुबह तेज बारिश के दौरान भूस्खलन की यह घटना हुई है। नैनीताल को जोड़ने वाले भवाली मार्ग पर पहाड़ दरकने से आवागमन ठप हो गया।
जिलाधिकारी धीराज गर्ब्याल, एसएसपी पंकज भट्ट समेत लोनिवि अभियंता मौके पर पहुंच गए हैं। पहाड़ी से पत्थर व मलबा गिरने का सिलसिला जारी है।
तल्लीताल थाना पुलिस भी मौके पर तैनात कर दी गई है। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता दीपक गुप्ता के अनुसार बोल्डर लगातार गिर रहे हैं।
पहाड़ दरकने के बाद माना जा रहा है कि सड़क लंबे समय तक बंद हो सकती है। सड़क को फिर से शुरू करने के लिए काफी जद्दाेजेहेद करनी पड़ेगी। उधर रोड बंद होने से सचिव अरविंद ह्यांकी भी फंस गए। जिसके बाद उन्हें जिला प्रशासन के वाहन से लाया गया। दूसरी तरफ अन्य वाहनों को लौटाया जा रहा है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal