@शब्द दूत ब्यूरो (03 जुलाई 2022)
काशीपुर । लायंस क्लब काशीपुर सिटी के दोबारा अध्यक्ष चुने जाने पर सुरेश शर्मा ने आज एक प्रेस वार्ता में क्लब के इतिहास तथा स्थानीय स्तर पर किए गए सेवा कार्यों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि 7 जून 1917 को अमेरिका के शिकागो शहर में मेलविन जोन्स ने इसकी स्थापना की थी। वर्तमान में विश्व के 112 देशों में लायंस क्लब की शाखाएं हैं। इंटरनेशनल लायंस क्लब की 50 हजार से अधिक शाखाओं के 15 लाख सदस्य दिन-रात समाजसेवा कार्य में जुटे हुए हैं।
लायंस क्लब काशीपुर सिटी अध्यक्ष सुरेश शर्मा ने जानकारी दी कि लायंस क्लब 321 बी लखनऊ मंडल के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बी एन चौधरी चुने गए हैं।
काशीपुर सिटी लायंस क्लब के सेवा कार्यों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि 14 वर्ष पूर्व यहां इस क्लब का गठन किया गया था। तब से अब तक 11 अध्यक्ष बने। सुरेश शर्मा ने अपने कार्यकाल की जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2021-22 के 12 माह में क्लब के सभी सदस्यों का सहयोग मिला। जिस वजह से समाज में क्लब का अच्छा संदेश गया। इस दौरान क्लब ने ट्री प्लांटेशन, ब्लड डोनेशन कैंप, स्वच्छ भारत जागरूकता मिशन तथा तीन सरकारी स्कूल में मास्क वितरण, सैनेटाइजर केन व स्प्रे मशीन भेंटकर सैकड़ों स्कूली छात्र छात्राओं को कोरोना महामारी के प्रति जागरूक किया। क्लब काशीपुर शहर में नेचुरल आक्सीजन के लिए आक्सीजन पार्क के परमानेंट प्रोजेक्ट के लिए भी प्रयासरत हैं।
लायंस क्लब अध्यक्ष सुरेश शर्मा ने बताया कि आने वाले समय में भी लायंस क्लब काशीपुर सिटी कई समाजोपयोगी सेवा कार्यों की योजना पर काम कर रहा है।
पत्रकार वार्ता के दौरान उपस्थित लायंस क्लब पदाधिकारियों में स्वतंत्र मेहरोत्रा, शैलेंद्र मिश्रा, महेश वर्मा, जसवीर सिंह, हरिओम तोमर आदि मौजूद थे।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal