Breaking News

उत्तराखंड: नदी का प्रवाह रुकने से बनी झील, खतरे की जद में चमोली के कई इलाके, नदी बारिश के दौरान ला सकती है तबाही

@शब्द दूत ब्यूरो (27 जून, 2022)

चमोली जिले को जोड़ने वाली शंभू नदी किसी भी समय बड़ी तबाही ला सकती है। बागेश्वर जिले के अंतिम गांव कुंवारी से करीब दो किलोमीटर आगे भूस्खलन के मलबे से शंभू नदी पट गई है। इससे यहां झील बन गई है, जिसका आकार दिनोंदिन बढ़ता जा रहा है। समय रहते इस मामले में कुछ नहीं किया गया तो बरसात या उससे पहले बड़ा हादसा हो सकता है।

कपकोट के आपदाग्रस्त गांव कुंवारी की पहाड़ी से समय-समय पर भूस्खलन होता रहता है। वर्ष 2013 में भी भूस्खलन के कारण गांव की तलहटी पर बहने वाली शंभू नदी में झील बन गई थी। बारिश में नदी का जलस्तर बढ़ने से नदी में जमा मलबा बह गया और खतरा टल गया था। वर्ष 2018 में एक बार ऐसे ही हालात बने। नदी में भारी मात्रा में मलबा जमा होने के बाद फिर से झील आकार लेने लगी।

क्षेत्रवासियों का कहना हैै कि तब से झील का आकार बढ़ता जा रहा है। वर्तमान में झील करीब 500 मीटर लंबी और 50 मीटर चौड़ी हो चुकी है। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि झील की लंबाई इससे कहीं अधिक होगी। झील गहरी कितनी है, फिलहाल इसकी जानकारी नहीं है।

कुंवारी गांव के लोगों का कहना है कि भूस्खलन के कारण मलबा और बोल्डर गिरने से झील बनी है। ग्रामीणों का दावा है कि झील के संबंध में जनप्रतिनिधियों और प्रशासन तक को इस बात की जानकारी है। बावजूद इसके इस दिशा में कुछ नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि अगर बारिश के दौरान झील टूटी तो चमोली जिले में भारी नुकसान हो सकता है।

शंभू नदी बोरबलड़ा गांव के समीप शंभू ग्लेशियर से निकलती है। नदी कुंवारी गांव से करीब पांच किलोमीटर आगे पिंडारी ग्लेशियर से निकलने वाली पिंडर नदी में मिल जाती है। ग्रामीणों के अनुसार झील बोरबलड़ा के तोक भराकांडे से करीब चार किमी और कुंवारी गांव की तलहटी से करीब दो किमी दूर कालभ्योड़ नामक स्थान पर बनी है जहां से करीब चार किमी आगे जाकर शंभू नदी पिंडर में मिल जाती है।

शंभू नदी में बनी झील टूटी तो भारी मात्रा में पानी और मलबा बहेगा जो आगे जाकर पिंडर में मिलकर और शक्तिशाली बन जाएगा। पिंडर चमोली जिले के थराली, नारायणबगड़ से होते हुए कर्णप्रयाग में अलकनंदा में जाकर मिलती है। ऐसे में अगर झील टूटी तो चमोली जिले का बड़ा भूभाग नुकसान की जद में आ सकता है।

Website Design By Mytesta +91 8809666000

Check Also

काशीपुर चैती मेला: महंगाई की मार से कराहते दुकानदार,महंगी दुकानों और कम बिक्री की दोहरी मार ने बढ़ाई चिंता, देखिए वीडियो

🔊 Listen to this @शब्द दूत ब्यूरो (28 मार्च 2026) काशीपुर।  चैती मेले में इस …

googlesyndication.com/ I).push({ google_ad_client: "pub-