@नई दिल्ली शब्द दूत ब्यूरो (23 अप्रैल, 2022)
दिल्ली के जहांगीरपुरी में बुलडोजर की कार्रवाई को लेकर भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में कहा है कि जिस तरह से एक धर्म विशेष के लोगों के ऊपर बुलडोजर की कार्रवाई की जा रही है वह हिंदुस्तान के भविष्य के लिए बेहद खराब है। ऐसी घटनाओं से हिंदुस्तान की दुनियाभर में बदनामी हो रही है।
किसान नेता टिकैत ने यह भी कहा कि सरकार ने किसानों को तीन महीने के अंदर दस साल पुराने ट्रैक्टर बंद करने की चेतावनी दी है। हमारा कहना है कि जो सरकार में खासकर बीजेपी में 10 साल पुराने लोग हैं उन्हें भी पार्टी या सरकार से बाहर किया जाए।
टिकैत ने कहा, अभी तो एक ही बुलडोजर चला है लेकिन दिल्ली में चार लाख ट्रैक्टर चले थे और लोग घबरा गए थे। सरकार दस साल पुराने ट्रैक्टरों को बंद करने की बात कह रही है लेकिन बहुत जल्द ही ट्रैक्टर सड़कों पर आएंगे और ट्रैक्टर बुलडोजर का आमने-सामने का मुकाबला होगा। राकेश टिकैत ने कहा कि, आज जिस तरह से एक धर्म विशेष के लोगों को परेशान किया जा रहा है उसका अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर गलत संदेश जा रहा है।
टिकैत ने कहा, इस तरह की घटनाओं से देश का विकास रुकता है, आपस में नफरत फैलती है और सांप्रदायिक घटनाएं होती हैं। इन चीजों को छोड़कर सभी को अपने काम पर ध्यान देना चाहिए। बहुत महंगाई का जमाना है। सरकार को ध्यान देना चाहिए कि बेरोजगार लोगों को रोजगार मिले।
राकेश टिकैत ने कहा कि बुलडोजर तो ठीक है वह सही काम कर रहा है लेकिन बुलडोजर नफरत की वजह से ना चले। बुलडोजर तो रास्तों को सही करने के लिए चलना चाहिए। बुलडोजर तो एक ही चला है और ट्रैक्टर तो चार लाख चले थे। दिल्ली में उनसे बड़े-बड़े घबराए थे। दिल्ली में कभी ना कभी बुलडोजर और ट्रैक्टर का मुकाबला होगा।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal