@नई दिल्ली शब्द दूत ब्यूरो (15 अप्रैल, 2022)
देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर दिल्ली शिक्षा निदेशालय ने स्कूलों के लिए दिशानिर्देश जारी किए हैं। निदेशालय के निर्देश में कहा गया है कि अगर स्कूल में कोरोना का कोई मामला सामने आता है तो तत्काल शिक्षा निदेशालय को सूचित किया जाए और पूरे स्कूल या फिर पूरे विंग को कुछ समय के लिए बंद किया जाए। शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी दिशानिर्देश में स्कूलों को कोरोना नियमों के सख्ती से पालन की हिदायत दी गई है।
निर्देश में कहा गया है कि बच्चों, शिक्षकों और अन्य कर्मियों के लिए मास्क को अनिवार्य किया जाए। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन हो। हाथों को लगातार धोने और सेनेटाइजर के इस्तेमाल को अनिवार्य किया जाए। कोरोना को लेकर बच्चों, शिक्षकों और अन्य कर्मियों को जागरूक किया जाए।
दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने स्वीकार किया कि दिल्ली के ओवरऑल कोरोना के मामलों में बढ़ोत्तरी हुई है लेकिन उन्होंने कहा कि फिलहाल चिंता की कोई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि यह पता लगना बाकी है कि यह पुराना ही वेरियंट है या नया। यह जीनोम सिक्वेंसिंग से पता चलेगा। किसी भी स्कूल में एक भी केस आता है तो हम इस पर नजर रखते हैं।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal