स्काउट प्रशिक्षण नई पीढ़ी के जीवन का स्वर्णिम पथ तैयार करता है: तेजकंवर
@ शिव कुमार शर्मा
बून्दी( 27 मार्च 2022)। पेच ग्राउंड स्थित स्काउट गाइड भवन पर चल रहे अनुसूचित जाति जनजाति स्काउट गाइड प्रशिक्षण शिविर के द्वितीय दिवस रविवार को गणवेश वितरण किया गया। पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के तहत आयोजित समारोह में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी व स्काउट जिला मुख्य आयुक्त तेजकंवर मुख्य अतिथि रही व सामाजिक कार्यकर्ता के.सी. वर्मा व रेखा चाँदना विशिष्ट अतिथि रहे। सीओ गिरिराज गर्ग, शिविर संचालक असिस्टेंट लीडर ट्रेनर भंवर लाल चौधरी व संयुक्त सचिव सर्वेश तिवारी मंचासीन रहे। अतिथियों ने इस अवसर पर अनुसूचित जाति जनजाति के बालक बालिकाओं को स्काउट गाइड गणवेश का निशुल्क वितरण किया व उत्प्रेरित किया।
संभागियों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि तेजकवर ने कहा कि स्काउट गाइड प्रशिक्षण भावी पीढ़ी के जीवन का स्वर्णिम पथ तैयार करता है जिसके माध्यम से जीवन को नई दिशा प्राप्त होती है। बालक बालिकाएं इस प्रशिक्षण के माध्यम से सद्भाव माहौल में कैम्प क्राफ्ट, त्याग, समर्पण, सहयोग व सहअस्तित्व की भावनाओं को आत्मसात कर राष्ट्र के निर्माता सुनागरिक के रूप विकसित होते हैं। विशिष्ट अतिथि के रुप में बोलते हुए वर्मा ने वंचित वर्ग के बालक बालिकाओं को आत्मविश्वास व प्रोत्साहन देने की दिशा में शिविर को सार्थक प्रयास बतातें हुए स्काउटिंग गाइडिंग को जीवन निर्माण मे महत्वपूर्ण बताया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में बोलते हुए चांदना ने बच्चो को पांच दिवसीय प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान को आत्मसात कर अनुशासन के बल पर स्वयं को समाज व राष्ट्र के लिए तैयार होने के लिए प्रेरित किया। शिविर संभागियों को इस अवसर पर निशुल्क गणवेश का वितरण किया गया। स्काउट परंपरा अनुसार करतल ध्वनि, जनरल सेल्यूट, स्काउट प्रार्थना से शुरू हुए कार्यक्रम में स्कार्फ पहनाकर अतिथियों का अभिनंदन किया गया। सीओ स्काउट गिरिराज गर्ग ने स्वागत उद्बोधन के साथ शिविर प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। शिविर संचालक भंवर लाल चौधरी ने आभार प्रकट किया। कार्यक्रम का संचालन असिस्टेंट प्रोफेसर सर्वेश तिवारी ने किया।
कार्यक्रम में प्रशिक्षक सियाराम साहू, रमेशचंद मीणा, नन्द किशोर शर्मा, देवेंद्र सिंह हाड़ा, हरलाल मीणा, राजेंद्र प्रसाद सरोया, सुरेश चंद, गाइड कैप्टन मैना मीणा, प्रमिला उपाध्याय, शोभा कंवर, चित्रलेखा नामा,उमा हाड़ा, द्रोपदी वर्मा व भाग्यश्री सामरिया ने शिरकत की।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal