@शब्द दूत ब्यूरो (21 मार्च 2022)
मानसिक रूप से विक्षिप्त एक सनकी युवक ने खेत में काम करने के दौरान किसानों पर फावड़े से हमला बोल दिया। अचानक हुई इस घटना से वहाँ हड़कंप मच गया है। इस घटना में एक महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई है जबकि कई अन्य घायल हो गए हैं। आरोपी हमलावर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
यह घटना बुलंदशहर के खानपुर थाना इलाके के परवाना नामक गांव में आज सुबह की है। पुलिस ने बताया कि गांव का ही रहने वाला बलवीर उर्फ बल्ला सुबह 9 बजे अपने खेत पर मक्का बोने गया था। इसी बीच उसे न जाने क्या सनक सवार हुई उसने अचानक बलकटी से उसने पड़ोसी किसान नत्थी( 65 वर्ष) पुत्र हरिचंद पर वार कर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद विमला( 40 वर्ष) पत्नी प्रेमपाल की भी हत्या कर दी। रविंद्र (35 वर्ष) पुत्र नंदू पर बलकटी से प्रहार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इतना ही नहीं उसने पुष्पेंद्र, नौरंग, तेजपाल पर भी फावड़े से कातिलाना हमला कर दिया। सभी घायलों की स्थिति गंभीर है। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
उधर इस वारदात की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष शत्रुघ्न, स्याना की पुलिस क्षेत्राधिकारी अलका सिंह मौके पर पहुंच गए। डीआईजी संतोष कुमार सिंह, एसपी सिटी सुरेंद्र नाथ तिवारी भी घटनास्थल के लिए जिला मुख्यालय से रवाना हो गए हैं।
आरोपी युवक को गिरफ्तार करते हुए घटना में प्रयुक्त बलकटी एवं फावड़े को बरामद कर लिया गया है । इस सनसनीखेज घटना से गांव में कोहराम मच गया है। दहशत का माहौल है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal