@शब्द दूत ब्यूरो (06 फरवरी 2022)
काशीपुर । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज काशीपुर में भाजपा प्रत्याशी त्रिलोक सिंह चीमा के समर्थन में डोर टू डोर जनसंपर्क किया ।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भाजपा विधायक हरभजन सिंह चीमा तथा भाजपा प्रत्याशी त्रिलोक सिंह चीमा व तमाम भाजपा नेताओं के साथ मौ किला से मुख्य बाजार में मतदाताओं से संपर्क किया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता और नेता उनके साथ चल रहे थे।
इस अवसर पर पत्रकारों से बात करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने जो आशातीत प्रगति की है उससे देश भर में भाजपा के पक्ष में माहौल बना है। उन्होंने कहा कि पांचों राज्यों में भाजपा क्लीन स्वीप करेगी। कांग्रेस पर प्रहार करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस के लोग ही कहते हैं कि इस पार्टी में कुछ मगरमच्छ घुस आये हैं और वही मगरमच्छ कांग्रेस को खा जायेंगे।
उन्होंने कहा कि अपने जनसंपर्क के दौरान उन्होंने उत्तराखंड के लोगों में भारतीय जनता पार्टी के प्रति अभूतपूर्व उत्साह देखा है। डबल इंजन की सरकार ने मोदी और पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में जो विकास के काम किये हैं उनका असर जनता के मन और मस्तिष्क में है। विकास और कल्याण के जो काम इस सरकार ने किये उससे जनता में भाजपा के प्रति विश्वास बढ़ गया है। उत्तराखंड में रोड कनेक्टिविटी हो या रेलवे कनेक्टिविटी हो, पेयजल व्यवस्था हो हर क्षेत्र में विकास हुआ है।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उत्तराखंड में भारी बहुमत से भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि मोदी जी और विकास एक दूसरे के पर्याय हैं। ऐसे में जनता पूरी तरह भाजपा के पक्ष में है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal

