Breaking News

बड़ी खबर: चौबट्टाखाल से सतपाल महाराज के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे हरक सिंह रावत!

@शब्द दूत ब्यूरो (23 जनवरी, 2022)

कांग्रेस हरक सिंह को पौड़ी जिले की चौबट्टाखाल विधानसभा सीट से भाजपा के हैवीवेट नेता सतपाल महाराज के खिलाफ चुनाव मैदान में उतार सकती है। इस संबंध में पार्टी की ओर से उनकी राय पूछी गई है।

लंबे समय के बाद हरक सिंह रावत को लेकर कांग्रेस में पत्ते अब खुलने लगे हैं। ऐसा लगने लगा है कि मानों वे पार्टी की जरूरत ही थे और ऐन चुनाव के वक्त कांग्रेस ने उन्हें लेकर ठीक ही किया है। इसे समय का खेल ही कहा जायेगा कि कहां तो हरक सिंह को कांग्रेस में वापिसी के लिए एक हफ्ते का इंतजार कराया, और कहां अब उनकी मनपसंद सीट उन्हें ऑफर की जा रही है।

विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने उत्तराखंड में एक परिवार एक टिकट का फार्मूला लागू किया है। भाजपा से कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य और उनके बेटे संजीव आर्य को इससे बाहर रखा गया है। हरक सिंह के मामले में कहा जा रहा था कि उन्हें भी इसी शर्त के साथ पार्टी में एंट्री दी गई है। लेकिन अब नई खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि पार्टी प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने इस बारे में हरक सिंह रावत की राय पूछी है। उन्होंने बताया कि दोनों नेताओं ने इस बारे में उनसे राय मशविरा किया है।

हरक सिंह रावत ने कहा कि वैसे तो वह चुनाव नहीं लड़ना चाहते हैं, लेकिन अगर पार्टी कहेगी तो वह किसी भी सीट से चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। हरक सिंह ने कहा कि पार्टी चाहे तो उन्हें 15 से 20 सीटों की जिम्मेदारी सौंप दी जाए, वह पार्टी को बेहतर परिणाम देंगे। हरक ने आगे कहा कि इस बारे में पार्टी प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव से भी उनकी बातचीत हुई है। हालांकि उन्होंने मेरा उपयोग पूरे राज्य में करने की बात कही है। हरक ने कहा वह कांग्रेस पार्टी के लिए समर्पित भाव से काम करेंगे। पार्टी जैसा भी आदेश करेगी, वह उसका पालन करेंगे।

राजनीति के जानकारों का मानना है कि अगर अगर हरक सिंह की बहू अनुकृति गुसाईं को लैंसडाउन सीट से लड़ाया गया तो वे चौबट्टाखाल सीट से लड़ने के लिए सहर्ष तैयार हो सकते हैं। क्योंकि ये दोनों सीटें आपस में सटी हुई हैं। दूसरा, अगर हरक सिंह सतपाल महाराज को पटखनी दे देंगे तो पार्टी में उनका कद एक बार फिर बढ़ जाएगा।

हरक सिंह रावत का राजनीतिक इतिहास भी सीटें बदलकर चुनाव लड़ने का रहा है। वर्ष 2017 के चुनाव में चौबट्टाखाल सीट पर भाजपा के सतपाल महाराज ने कांग्रेस के राजपाल सिंह बिष्ट को सात हजार से अधिक मतों से हराया था। महाराज को कुल 20 हजार 931 मत प्राप्त हुए थे, जबकि राजपाल को 13 हजार 567 मत प्राप्त हुए थे। खास बात यह है कि इस सीट पर बीते चुनाव में 15 दावेदारों ने किस्मत आजमाई थी। इनमें से 11 प्रत्याशी तो तिहाई के अंक पर ही बमुश्किल पहुंच पाए थे। अब अगर इस सीट पर दो दिग्गज आमने-सामने होते हैं तो मुकाबले के रोचक होने के आसार हैं।

Check Also

काशीपुर :राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय दभौरा मुस्तकम में करियर मार्गदर्शन एवं परामर्श कार्यक्रम आयोजित, छात्राओं को दिए गए भविष्य निर्माण के टिप्स

🔊 Listen to this @शब्द दूत ब्यूरो (28 मार्च 2026) काशीपुर। राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक …

googlesyndication.com/ I).push({ google_ad_client: "pub-