Breaking News

उत्तराखंड में ट्रेलर के बाद अभी तो पिक्चर बाकी है : कुछ इधर तो कुछ उधर, दलबदल का खेल जारी

@शब्द दूत ब्यूरो (13 अक्टूबर, 2021)

दरअसल आये तो ‘वो’ भी थे कांग्रेस में शामिल होने, लेकिन हरीश रावत के तेवर देख लघुशंका के बहाने खिसक लिए। चुनावी बेला में वो, भाजपा में असहज तो महसूस कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस में शामिल होने की शर्त सुन चुपचाप खिसक लिए।उनकी छटपटाहट कुछ दिन पूर्व एक वीडियो में भी दिखाई दी थी, जहां वो एक मंत्री पर उन्हें परेशान करने का आरोप लगा रहे थे।

उत्तराखंड की राजनीति में इन दिनों दलबदल का खेल चल रहा है। तीन विधायक भाजपा ने अपनी ओर खिसकाए तो दो कांग्रेस ने भी कब्जा लिए। अभी दलबदल का खेल आगे और भी चलेगा, क्योंकि हरीश रावत ने कह दिया है कि अभी भाजपा के कई विधायक उनके संपर्क में हैं।

इधर, उत्तराखंड कांग्रेस में यशपाल आर्य की वापसी के बाद अन्य बागियों के लिए रास्ता खुलने के सवाल पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने तीखे अंदाज में जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि 2016 में पैसों में बिककर जिन लोगों ने उनकी सरकार गिराई थी, वह लोग महापापी हैं। हरीश रावत ने कहा कि यह लोग जब तक सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते हैं, उनके रहते कांग्रेस में इनकी एंट्री नहीं हो सकती।

पूर्व सीएम रावत ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व.अटल विहारी वाजपेयी ने भी खरीद-फरोख्त की राजनीति को महापाप की संज्ञा दी थी। हरीश ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि यदि फिर भी ऐसे महापापी कांग्रेस में आना चाहते हैं तो पहले उन्हें अपने पाप को स्वीकार करना पड़ेगा।

हरीश रावत यहीं नहीं रुके, उन्होनें कहा, वह चाहें तो अपने कुलदेवता के सम्मुख भी ऐसा कर सकते हैं, लेकिन उन्हें बताना पड़ेगा कि उन्होंने महापाप किया था और वह इसके लिए क्षमा चाहते हैं। यदि ऐसा करते हैं तो वह रास्ते में नहीं आएंगे। बिना माफी ऐसे लोग कांग्रेस में प्रवेश करते हैं तो यह उनके लिए बहुत कठिन हो जाएगा।

अपनी सरकार गिराए जाने से आहत हरीश रावत ने कहा कि यह सवाल सिर्फ उनकी सरकार गिराने का नहीं है, यह सवाल उत्तराखंड की मूल मान्यता और यहां की राजनीतिक संस्कृति पर भी एक काले धब्बे की तरह है। जिसके लिए उन्हें माफी मांगनी ही होगी।

हरीश रावत ने कहा कि यशपाल आर्य उन लोगों में शामिल नहीं थे। वह व्यक्तिगत कारणों से पार्टी से बाहर गए थे। उन्होंने कांग्रेस के खिलाफ कभी कोई गलत बयान नहीं दिया। इनमें से एक-दो लोग ऐसे थे, जो बेबस होकर गए। उन्हें भी वह पार्टी में स्वीकार करने को तैयार हैं।

हरीश रावत ने कहा कि वह एक महिला के विषय में जानते हैं, जिसे एक मंत्री ने गाली देकर अपनी तरफ खींचा था, वह नहीं जाना चाहती थी। उस मंत्री ने अभद्र टिप्पणी करते हुए कहा था कि तुमने पैसे तो ले लिए और अब आने से मना कर रही हो।

हरीश रावत ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि एक उजाड़ू बल्द को तो वह हमेशा बोलते थे कि वह भविष्य में मुख्यमंत्री बनेगा, लेकिन अब वह इतना उज्याड़ खा चुका है कि सब गड़बड़ हो गई है। हरीश रावत ने कहा भाजपा के कोर ग्रुप के विधायक भी उनके संपर्क में हैं। वह कांग्रेस में आना चाहते हैं, लेकिन वह दलबदल की राजनीति में ज्यादा विश्वास नहीं करते हैं।

Check Also

काशीपुर :राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय दभौरा मुस्तकम में करियर मार्गदर्शन एवं परामर्श कार्यक्रम आयोजित, छात्राओं को दिए गए भविष्य निर्माण के टिप्स

🔊 Listen to this @शब्द दूत ब्यूरो (28 मार्च 2026) काशीपुर। राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक …

googlesyndication.com/ I).push({ google_ad_client: "pub-