@शब्द दूत ब्यूरो (16 सितंबर 2021)
काशीपुर । काशीपुर विधानसभा सीट के लिए भारतीय जनता पार्टी की ओर एक और भाजपा नेता ने अपनी प्रबल दावेदारी पेश की है।
पर्वतीय समाज के डा गिरीश चंद्र तिवारी भारतीय जनता पार्टी के चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक हैं। आज एक पत्रकार वार्ता बुलाकर उन्होंने खुद को काशीपुर विधानसभा सीट के भाजपा की ओर से दावेदार बताया। डा तिवारी ने कहा कि वह पिछले चालीस सालों से शहर व प्रदेश में पार्टी के महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने पार्टी के माध्यम से जनता की सेवा की है। कोरोनाकाल में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के बैनर तले समाज में काफी जनोपयोगी कार्य किये तथा पार्टी की नीतियों का प्रचार प्रसार किया।
डा तिवारी ने कहा कि वह पार्टी के आदेश से बंधे हुए हैं। वह अपनी दावेदारी जरूर पेश कर रहे हैं लेकिन अगर पार्टी किसी और को टिकट देती है तो वह उसके साथ रहेंगे।
काशीपुर विधानसभा सीट के लिए भारतीय जनता पार्टी से स्थानीय प्रत्याशी ही होना चाहिए। डा तिवारी का यह मानना है। वह कहते हैं कि स्थानीय नेता ही शहर को बेहतर तरीके से समझ सकता है। इसलिए पार्टी को यहाँ से स्थानीय नेता को ही चुनाव मैदान में उतारना चाहिए।
शहर की समस्याओं को लेकर भाजपा नेता डा गिरीश चंद्र तिवारी ने कहा कि शहर में बड़ी समस्यायें नहीं है। छुटपुट समस्यायें जरुर है। फ्लाईओवर में देरी होने से जरूर लोगों को परेशानी हो रही है लेकिन तकनीकी कारणों से इसमें देर हुई है। भारतीय जनता पार्टी के शासन में केन्द्र से लेकर राज्य तक की समस्याओं का निदान किया गया है। गरीबों के लिए बेहतर सुविधायें और सबसे बड़ी कोरोना महामारी में भाजपा ने लोगों को हर संभव सहायता की है। चिकित्सा के मामले में हों या लोगों को भोजन उपलब्ध कराना हो या कोई अन्य समस्या हर समय पार्टी के निर्देश पर कार्यकर्ताओं ने जनता के बीच रहकर सेवा की है।
अन्य दावेदारों को लेकर डा तिवारी कहते हैं कि यह देखना पार्टी का काम है कि कौन स्थानीय विधानसभा में सक्रिय है और किसे टिकट देना चाहिए? हालांकि वह खुद को काशीपुर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी का प्रबल दावेदार मानते हैं।
डा गिरीश चंद्र तिवारी देवभूमि पर्वतीय महासभा के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। वह भाजपा के महानगर अध्यक्ष से लेकर इस समय पार्टी के चिकित्सा प्रकोष्ठ के संयोजक के पद पर हैं।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal


