@शब्द दूत ब्यूरो (14 सितंबर 2021)
काशीपुर । नगर व ग्रामीण क्षेत्र के राशन उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर कांग्रेस नेत्री मुक्ता सिंह ने आज यहाँ पूर्ति निरीक्षक के कार्यालय पर हल्ला बोल दिया। उनके साथ तमाम परेशान उपभोक्ता भी पहुंचे थे। हालांकि पूर्ति निरीक्षक आशुतोष भट्ट किसी बैठक में शामिल होने शहर से बाहर थे।
बाद में मुक्ता सिंह उपभोक्ताओं को लेकर संयुक्त मजिस्ट्रेट आकांक्षा वर्मा के कार्यालय में जा धमकी। जहाँ प्रदेश कांग्रेस नेत्री मुक्ता सिंह ने शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के राशन उपभोक्ताओं की समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। मुक्ता सिंह ने बताया कि राशन उपभोक्ताओं को आनलाइन करने के नाम पर परेशान किया जा रहा है। कई गरीब राशन कार्डधारियों को राशन कार्ड होने के बावजूद उन्हें राशन मुहैया नहीं कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को आनलाइन कराने के लिए राशन की दुकानों और पूर्ति कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
संयुक्त मजिस्ट्रेट कार्यालय में पहुंचे उपभोक्ताओं ने शिकायत की कि उन्हें मिलने वाला राशन भी खराब क्वालिटी का मिल रहा है। एक उपभोक्ता ने आरोप लगाया कि राशन की दुकान तय समय पर नहीं खुलती। सैनिक कालोनी स्थित राशन की दुकान माह में केवल तीन दिन खुलती हैं। उपभोक्ताओं की संख्या अधिक होने की वजह से वहाँ सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियाँ उड़ रही हैं।
कांग्रेस नेत्री मुक्ता सिंह ने बताया कि पूर्ति कार्यालय भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुका है। अधिकारी जनता को परेशान कर रहे हैं। वहीं एक व्यक्ति ने तो उपजिलाधिकारी कार्यालय में भाजपा सरकार को पूरी तरह फेल बताया तथा जनता को बरगलाने का आरोप लगाया। राशन कार्ड आनलाइन कराने के नाम गरीब उपभोक्ता लंबे समय तक उसके कागजों की पूर्ति करने में पिस रहा है। किसान कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष शशांक सिंह ने भी संयुक्त मजिस्ट्रेट को राशन उपभोक्ताओं की समस्याओं से अवगत कराया।
उपजिलाधिकारी आकांक्षा वर्मा ने कहा कि राशन उपभोक्ता अपनी समस्याओं को लेकर अर्जी दें वह उस पर तत्काल कार्रवाई करेंगी। उन्होंने कहा कि वह अनियमितता बरतने वाले राशन दुकानों पर जल्द ही छापामार कार्रवाई करेंगी। उन्होंने कहा कि वह राशन उपभोक्ताओं की समस्याओं से पूर्ति अधिकारी से बात कर उन्हें सुलझाने का प्रयास करेंगी। उपजिलाधिकारी ने कहा कि राशन कार्ड आनलाइन करने में कुछ दिक्कतें आ रही हैं। उन्हें दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal


