@नई दिल्ली शब्द दूत ब्यूरो (17 जुलाई 2021)
14 जुलाई 2021 का एक वीडियो झूठ के साथ सोशल मीडिया पर पोस्ट किया जा रहा है। राजस्थान के अजमेर जिले की इस ह्रदयविदारक घटना का लोग सांप्रदायिक नफरत फैलाने के लिए दुरूपयोग कर रहे हैं। काशीपुर में भी कुछ व्हाट्सएप ग्रुप्स में ये मैसेज फारवर्ड किया गया है।
वीडियो पोस्ट करते हुए एक ट्वीटर यूजर ने लिखा, “राजस्थान मे एक मुस्लिम हुआ बेकाबू अजमल खान को एक हिन्दू परिवार की लड़की पसंद आ गई और वो शादी करने के लिए पहुचा उसके घर रिश्ता ले के फिर लड़की के बाप ने उसे धमका के भगा दिया कहा तुम मुस्लिम हम हिन्दू है और हम ये गलत काम नहीं करेंगे फिर अजमल खान अगले दिन गया हथियार लेके और उस हिन्दू परिवार के सारे लोगो को मार आया और अड़ोस पङोस के हिंदू बस तमाशा देखते रहे। फिर कुछ ने उस मुल्ले को पकड़ा और पुलिस के हवाले किया।
शब्द दूत ने व्हाट्सएप ग्रुपों व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर चल रहे इस वीडियो की वास्तविकता तलाशी तो पता चला कि ये वीडियो 14 जुलाई 2021 का और राजस्थान के अजमेर का है। वीडियो में दिख रहा शख्स अजीत चीता है और उसकी पत्नी का नाम कविता है। दरअसल अजीत ने आर्थिक तंगी और पत्नी की बीमारी से अवसाद में आकर अपने पूरे परिवार और खुद को मारने की कोशिश की। इस दर्द नाक घटना में उसकी दोनों बेटियों की मौत हो चुकी है। खुद उसका और उसकी पत्नी का अजमेर और व्यावर के अस्पताल में इलाज चल रहा है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक घर में कोहराम मचा हुआ है। एक व्यक्ति चारपाई पर बैठा है, उसके हाथों और चेहरे पर खून की छीटें दिख रही हैं. जमीन पर भी खून फैला हुआ है। पास में ही जमीन पर कपड़े से ढंका एक बच्चा पड़ा है। कुछ लोग अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए उस व्यक्ति को पकड़ते दिख रहे हैं।
इस केस के जांच अधिकारी और अजमेर के ब्यावर सदर थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह जोधा ने बताया कि पोस्ट में किया गया दावा एकदम बेबुनियाद है। जिस व्यक्ति ने इस घटना को अंजाम दिया उसका नाम अजीत चीता है और उसकी पत्नी का नाम कविता देवी है। आरोपी अजीत चीता ने पुलिस को बताया कि कोरोना लॉकडाउन की वजह से वह आर्थिक संकट से जूझ रहा था। उसकी पत्नी कविता की तबीयत भी खराब रहती थी। कुछ दिन पहले ही कविता का ऑपरेशन हुआ था। इस वजह से बच्चों की देखभाल और घर के सारे काम उसे ही करने पड़ रहे थे। इन सब वजहों से वह बहुत परेशान चल रहा था।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal





