@शब्द दूत ब्यूरो (13 जुलाई 2021)
काशीपुर । नगर निगम बोर्ड की बैठक में अपने वार्डों में काम न होने से पार्षदों ने नाराजगी जताई। आज यहाँ नगर निगम बोर्ड की बैठक मेयर ऊषा चौधरी की अध्यक्षता में हुई।
नाराज पार्षदों ने कहा कि उन्हें ही नहीं पता चलता कि उनके वार्ड में क्या काम कराए जा रहे हैं। मुख्य नगर आयुक्त आकांक्षा वर्मा ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जो भी काम पार्षदों के वार्डों में कराए जा रहे हैं उन्हें भी इसकी एक प्रतिलिपि उपलब्ध कराई जाए। एक पार्षद ने कहा कि एक साल से शौचालय का पैसा आया हुआ है सर्वे भी हो चुका है लेकिन काम शुरु नहीं हुआ। मेयर ऊषा चौधरी ने बताया कि इस मामले में दो बार टेंडर आमंत्रित किए जा चुके हैं। लेकिन किसी ने रुचि नहीं दिखाई। दोबारा टेंडर प्रक्रिया शुरु की जाएगी।
नगर में आवारा कुत्तों के आतंक को लेकर भी पार्षदों ने नाराजगी जताई तो एमएनए आकांक्षा वर्मा ने कहा कि जो वार्ड निगम में गांव से शामिल हुए हैं वहां पर पुराने पंचायत भवनों को एनिमल सेल्टर बनाकर रखने पर विचार चल रहा है। इसके अलावा पशु चिकित्सालय में भी जगह मिलती है तो वहां भी पशुओं को रखने की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए पशु चिकित्सा विभाग को एक पत्र लिखा जाएगा।
पार्षदों ने कहा कि कई वार्डों में कूड़ा उठाने वाली गाड़ियां नियमित नहीं आ रहीं है। इसके बावजूद लोगों से 50 रुपए लिए जा रहे हैं। जब कई स्थानों पर कूड़ा उठाने वाले वाहन नहीं पहुंच रहे हैं तो लोगों से 50 रुपए क्यों लिए जा रहे हैं। एमएनए वर्मा ने इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए कहा कि यदि नियमित रुप से कूड़े वाले वाहन नहीं आ रहे हैं तो पार्षद इसकी शिकायत करें ताकि कूड़ा उठाने वाली कंपनी के ठेकेदार पर जुर्माने की कार्रवाई की जाए।
एमएनए वर्मा ने बताया कि निगम के पास कूड़े के वाहन कम है इसलिए 10 से 15 वाहनों की खरीद की जा रही है। इसके अलावा 10 से 12 कूड़ा उठाने के लिए ई-रिक्शा खरीदने पर भी विचार किया जा रहा है। वहां पर एसएनए आलोक उनियाल, कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा समेत पार्षद बीना नेगी, गुरविंदर सिंह चंडोक, विजय कुमार बॉबी, अनिल कुमार,पुष्कर बिष्ट, फिरोज हुसैन (एड़०),सादिक हुसैन, नौशाद हुसैन,नज़मी अंसारी,शाह आलम,शाहीन जहां, डा0 माजिद,हुस्न जहां, विनेश चौधरी, एलम सिंह, दीपक कांडपाल, कुलवंत सिंह, मनोज जग्गा, राजकुमार सेठी, गंधार अग्रवाल आदि मौजूद थे।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal





