@नई दिल्ली शब्द दूत ब्यूरो (12 जुलाई 2021)
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कि कांवड़ यात्रा के साथ-साथ लोगों का जीवन भी जरूरी है। सीएम धामी नई दिल्ली स्थित उत्तराखण्ड सदन में प्रदेश में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं व सरकार की नीतियों से जुड़े विषयों पर मीडिया के प्रश्नों का जबाब दे रहे थे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा हम राज्य में 24 घंटे सस्ती बिजली उपलब्ध कराने के पर लगातार कार्य कर रहे हैं। शुरु की गई योजनाओं को पूरा करना, लोगों को रोजगार देने के साथ ही भ्रष्टाचार मुक्त शासन देना, केवल सरकार नहीं साझेदार के रूप में काम करना हमारा एजेंडा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार में उत्तराखंड में जो काम हुए, वे स्वतंत्र भारत के इतिहास में कभी भी नहीं हुए। प्रदेश भर में सड़कों का जाल बिछा है। इन विपरीत परिस्थितियों में भी गरीबों को निःशुल्क राशन देने की योजना चल रही है। पिछले 4 साल में मुझसे पहले जो मुख्यमंत्री रहे हैं उनके द्वारा बहुत अच्छे काम किए गए हैं। उन्हीं कामों को हम आगे बढ़ाएंगे जो काम पूरे नहीं हुए हैं। उनको पूरा करना हमारी पहली प्राथमिकता है जितने शिलान्यास हुए हैं हर किसी का हम लोकार्पण करेंगे।
नौजवानों को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में हमने पहली कैबिनेट में भर्ती निकालने के लिए प्रस्ताव लेकर आए। इसके साथ ही स्वरोजगार के माध्यम से भी लाखों रोजगार सृजन करने का काम करेंगे।
कांवड़ यात्रा के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने 30 जून की कैबिनेट की बैठक में फैसला किया था कि इस साल कांवड़ यात्रा नहीं होगी। कांवड़ यात्रा आस्था से जुड़ी है। फिर भी हम सोच रहे हैं कि अगर कोई गुंजाइश है तो उस बारे में हम उच्चस्तरीय बैठक करेंगे, लेकिन लोगों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।उन्होंने कहा कि हम सिर्फ मेजबान राज्य हैं। 15 दिनों में तीन करोड़ से अधिक कांवड़िये राज्य का दौरा करते हैं। बात आस्था की है, लेकिन लोगों की जिंदगी भी दांव पर है। लोगों का जीवन बचाना हमारी पहली प्राथमिकता है। किसी भी कीमत पर लोगों को जान का खतरा न हो, किसी की भी जान न जाए। जान बहुत कीमती है और हम किसी भी जान को खतरा नहीं होने देंगे। अगर कांवड़ यात्रा के कारण लोग कोविड से अपनी जान गंवाते हैं तो भगवान को अच्छा नहीं लगेगा।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal





