@शब्द दूत ब्यूरो (03 जुलाई, 2021)
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के नाटकीय घटनाक्रम में इस्तीफा देने के बाद आज बीजेपी विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें नए नेता का चुनाव होगा। फिलहाल, केंद्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर नरेंद्र सिंह तोमर देहरादून पहुंच गए हैं। उत्तराखंड बीजेपी के अध्यक्ष मदन कौशिक ने बताया कि पार्टी प्रभारी और पर्यवेक्षक विधान मंडल दल के नए नेता का चुनाव कराने आज देहरादून आएंगे। उसके बाद दोपहर तीन बजे विधानसभा की बैठक में नए नेता का चुनाव किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इसके बाद हम सरकार गठन के लिए राज्यपाल से मिलेंगे। कौशिक ने कहा कि संभव है कि इस बार सीएम विधायकों में से ही कोई एक हों। कौशिक ने कहा कि चुनाव आयोग को उपचुनाव कराने में कोई समस्या नहीं थी, लेकिन कोविड के कारण, यह अमल में नहीं आ सका। ऐसे में इस्तीफा ही एकमात्र विकल्प बचा था।
कौशिक ने कहा, “हम राष्ट्रीय पार्टी हैं। जब चुनाव में जाते हैं तो अगले 5 साल के लिए घोषणा पत्र जारी करते हैं और बताते हैं कि हम इन पर काम करेंगे। ऐसे में मुख्यमंत्री कोई भी हो वह काम जारी रहेगा।” सीएम बनने के सवाल पर उन्होंने कहा, “मैं प्रदेश अध्यक्ष हूं आज की सारी प्रक्रिया को ठीक से करवाना मेरा काम है।”


Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal