@नई दिल्ली शब्द दूत ब्यूरो
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अपने दिल्ली दौरे के दौरान केन्द्रीय सड़क परिवहन तथा राजमार्ग मंत्री नितिन गड़करी से मुलाकात की। इस दौरान काबीना मंत्री गणेश जोशी ने केन्द्रीय मंत्री को केदारनाथ मंदिर की प्रतिकृति भेंट की तथा मसूरी में 700 करोड़ की लागत से बनने वाली तकरीबन 2.74 किलोमीटर लम्बी टनल को भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की ओर से हरी झंडी देने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
केंद्रीय मंत्री गडकरी ने टनल के निमार्ण कार्य का उद्घाटन करने के लिए मसूरी आने के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के आमंत्रण को स्वीकारते हुए कहा कि अक्टूबर माह में वह मसूरी टनल का उद्घाटन करने आएंगे।
आपको बता दें कि कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी इन दिनों दिल्ली दौरे पर हैं। कोरोना संक्रमण काल के दौरान देहरादून जनपद के कोरोना उपचार व्यवस्थाओं के प्रभारी के तौर पर कोरोना उपचार व्यवस्थाओं में व्यस्त होने के कारण गणेश जोशी राज्य सरकार में मंत्री बनने बाद पहली बार केन्द्रीय नेताओं से मुलाकात करने दिल्ली पहुंचे हैं।
मसूरी टनल निमार्ण की स्वीकृति प्रदान करने पर केन्द्रीय मंत्री का धन्यवाद करते हुए उन्होंने नितिन गड़करी को बताया कि राज्य के राजधानी शहर देहरादून से मात्र 34 किलोमीटर की दूरी पर वैश्विक पर्यटन मानचित्र में ‘‘पहाड़ों की रानी’’ के नाम से सुविख्यात नगर मसूरी स्थित है। लाखों पर्यटक प्रतिवर्ष मसूरी आतेे हैं। जाम की वजह से पर्यटकों पर बड़ा ही नकारात्मक असर पड़ता है।
ऐसे में मसूरी नगर को टनल के रूप में दिया गया यह अमूल्य उपहार न सिर्फ मसूरी नगर बल्कि उत्तरकाशी जनपद के निवासियों के लिए भी नई सम्भावनाओं के द्वार खोलेगा। मसूरी नगर तथा उत्तराखण्ड राज्य में पर्यटन विकास संभावनाओं एवं रोजगार अवसरों को बढ़ाने हेतु यह टनल मील का पत्थर साबित होगी।

Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal