@शब्द दूत ब्यूरो
काशीपुर । काशीपुर में भारतीय जनता पार्टी में तमाम चेहरे हैं। कमोबेश हर चेहरा सुर्खियों में रहना चाहता है। मीडिया के माध्यम से इन चेहरों से जनसामान्य रुबरू होता रहता है। कुछ ऐसे नेता हैं जो काम कम दिखावा ज्यादा की तर्ज पर अपने आपको सुर्खियों में लाते रहते हैं। इसके विपरीत काशीपुर में भाजपा का एक नेता ऐसा भी है जो काम ज्यादा और सुर्खियों में कम रहना पसंद करता है।
शब्द दूत ने काशीपुर के इस भाजपा नेता से जब बात की तो इनका साफ कहना था कि वह सिर्फ और सिर्फ पार्टी के लिये समर्पित हैं। आशीष गुप्ता काशीपुर में भाजपा का ऐसा चेहरा है जो दिखावे की राजनीति से दूर रह कर पार्टी को मजबूत करने में अपना पूरा समय लगाने में लगे हुए हैं। आशीष गुप्ता भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं यही नहीं राष्ट्रीय स्तर के भाजपा नेताओं तक उनके काम की गूंज है। इसके बावजूद वह अकेले ऐसे नेता हैं जिन्हें कभी काशीपुर में टिकट की दौड़ में देखा गया है। प्रदेश कोषाध्यक्ष के रूप में आशीष गुप्ता ने उत्तराखंड में पार्टी के लिये अपनी सेवाएं देकर अपने कुशल राजनीतिक सांगठनिक क्षमता का परिचय दिया। गृह मंत्री अमित शाह के भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहने के दौरान आशीष गुप्ता के पार्टी के प्रति किये गये कार्यों को लेकर उनकी प्रशंसा हुई।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक तक आशीष गुप्ता के राजनैतिक और सांगठनिक कौशल की प्रशंसा करते हैं। शब्द दूत ने आशीष गुप्ता से पूछा कि काशीपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक की दावेदारी की दौड़ में आप अपने आप को शामिल करते हैं। आशीष गुप्ता कहते हैं कि वह पार्टी के लिए काम करते हैं। वर्तमान में उन्हें जिला कार्यालय निर्माण समिति में रखा गया है। इस समिति के माध्यम से वह अब तक आठ जिला कार्यालयों का निर्माण करवा चुके हैं। अभी चार और कार्यालय बनने हैं। आशीष गुप्ता कहते हैं कि टिकट से ज्यादा उनके लिए पार्टी महत्वपूर्ण है। हां अगर पार्टी ने उन्हें टिकट के लिए चुना तो वह उसमें भी खरे उतरेंगे। फिलहाल पार्टी जिसे टिकट देती है उसे लड़ाना हर पार्टी कार्यकर्ता का कर्तव्य है।
रही बात समाज सेवा की तो वह समय-समय पर सक्रिय रूप से अपनी ओर से भरसक प्रयास करते हैं कि राजनीति से अलग हटकर अपने मानवीय कर्तव्यों का निर्वहन किया जाये। हालांकि वह इस बात का ज्यादा प्रचार करने के पक्ष में नहीं रहते।
बहरहाल भाजपा के वर्तमान प्रदेश मंत्री आशीष गुप्ता काशीपुर के उन भाजपा नेताओं में से हैं जो पूरी तरह से अपने राजनीतिक जीवन के साथ मानवीय संवेदनाओं को भी जीवित रखे हुए हैं। आशीष गुप्ता की राजनीति बेदाग राजनीति का उदाहरण है। 


Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal