@नई दिल्ली शब्द दूत ब्यूरो
कर्नाटक के बेलगाम में स्थानीय विधायक ने कोरोना भगाने के लिए हवन किया फिर उसे एक ट्रॉली में रखकर पूरे शहर में घुमाया। यही नहीं, जहां ये नहीं पहुंच सके, वहां अलग से हवन का इंतज़ाम किया गया ताकि कोरोना से बेलगाम को छुटकारा दिलाया जा सके।
बताया जा रहा है कि इस इलाके में कोरोना संक्रमण के कारण अब तक तक़रीबन 500 लोगों की मौत हुई है। दक्षिण बेलगाम में बीजेपी विधायक अभय पाटिल की ओर से कोरोना भगाने के लिए विशेष हवन का आयोजन किया गया ताकि कोरोना उनके इलाके से भाग जाए। अनुष्ठान के बाद पूरे इलाके में इसे घुमाया गया।
विधायक अभय पाटिल कहते हैं, ‘यज्ञ और हवन करने से वातावरण का शुद्धिकरण हो जाता है। वैज्ञानिक रीति से ये बात साबित भी हुई है। चूंकि कोरोना के मामले यहां लगातार बढ़ रहे हैं, इसीलिए बेलगाम दक्षिण विधान सभा के हर घर के सामने हमने हवन करने का फैसला किया है।”
बेलगाम में इस समय कोरोना के करीब 18 हज़ार एक्टिव मामले है, ऐसे में इस तरह के आयोजन से संक्रमण का ख़तरा काफी बढ़ जाता है क्योंकि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना मुश्किल होता है। मौजूदा वायरस कितना खतरनाक है वो किसी से छुपा नही है।

Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal