काशीपुर । पुलिस, प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की टीम को मुरादाबाद रोड स्थित आयुष्मान अस्पताल में निरीक्षण के दौरान काफी खामियां मिली। टीम ने अस्पताल से डिस्चॉर्ज किये गये मरीजों के बिल कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिये हैं जिनकी जांच पुलिस क्षेत्राधिकारी द्वारा की जायेगी।
पिछले कुछ दिनों से शहर के निजी कोविड अस्पतालों में शासन द्वारा निर्धारित दरों पर इलाज न किये जाने की शिकायत मिल रही थी। वहीं आयुष्मान अस्पताल द्वारा आयुष्मान कार्ड स्वीकार न किये जाने को लेकर सीओ के पास भी शिकायत की गई थी। जांच टीम के समक्ष आयुष्मान अस्पताल के डा विकास गहलौत ने अपना पक्ष रखा।
सीओ अक्षय प्रह्लाद कोंडे ने बताया कि अस्पताल में टीम ने जो खामियां पाई उनकी अभी जांच होगी। वहीं अस्पताल की ओर से भी आयुष्मान कार्ड स्वीकार न करने के पीछे कुछ कारण बताये गये हैं। कोरोना नोडल अधिकारी डॉ अमरजीत साहनी ने बताया कि अस्पताल में बेड की संख्या को लेकर अपडेट में भी कोताही बरती गई है। अस्पताल को इसके लिए चेतावनी भी दी गई है। अस्पताल प्रबंधन को कोविड मरीजों के पूरी जानकारी रिसेप्शन पर अपडेट रखने व सरकारी निर्धारित दर पर ही इलाज का खर्च लेने को ताकीद की गई है।
बता दें कि टीम ने अस्पताल ढाई घंटे से अधिक समय तक वहाँ कागजात खंगाले। बहरहाल अभी जांच टीम किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। जांच टीम में तहसीलदार विपिन चंद्र पंत, कोरोना नोडल अधिकारी डॉ अमरजीत साहनी, कोतवाल जी बी जोशी आदि शामिल थे। 

Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal