काशीपुर। आज शहर में कोरोना को लेकर मेडिकल के नाम पर मरीजों और जनता की जान से खिलवाड़ करने वालों पर पुलिस ने शिकंजा कसते हुये अस्पताल संचालक के बाद एक मेडिकल स्टोर संचालक को आक्सीमीटर की कालाबाजारी करते हुए गिरफ्तार कर लिया। जबकि आक्सीमीटर का सप्लायर फरार है। मामले का खुलासा जिले के एसएसपी ने यहाँ कोतवाली में किया।
एसएसपी दिलीप सिंह कुंवर ने बताया कि एसपी प्रमोद कुमार के निर्देशन व इंस्पेक्टर कोतवाली संजय पाठक के नेतृत्व में टांडा चौकी पुलिस ने आज देर शाम टांडा उज्जैन तिराहे के पास आलिंद एंड ब्रदर्स मेडिकल स्टोर का संचालक विनीत भारद्वाज को ओवर रेट पर पल्स ऑक्सीमीटर बेचने पर दबोचा।
एसएसपी दिलीप सिंह कुंवर ने बताया कि आरोपी 800 से 1000 रुपये कीमत के एक पल्स ऑक्सीमीटर को आरोपित 1580 रुपये में बेच रहा था। इस तरह वह दो ऑक्सीमीटर 3160 रुपये के बेच रहा था। ऑक्सीमीटर पर 5200 रुपये एमआरपी अलग से चिट लगाकर लिखी गई थी।पुलिस ने आरोपी विनीत भारद्वाज से पूछताछ कीी तो पता चला कि काशीपुर का ही अली नाम का व्यक्ति इस तरह के पल्स ऑक्सीमीटर की सप्लाई करता है। पुलिस ने आरोपी विनीत और अली के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जिले के पुलिस कप्तान ने बताया कि मेडिकल स्वामी के खिलाफ आईपीसी की धारा 188, 269, 270, 51 आपदा अधिनियम, 3 आवश्यक वस्तु अधिनियम के साथ-साथ महामारी एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। साथ ही मामले में जांच के बाद गैंगस्टर की कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी। किसी भी तरह की कालाबाजारी को रोकने के लिए डॉक्टर के साथ-साथ एंबुलेंस संचालकों तथा संबंधित अन्य के साथ बैठक भी पुलिस के द्वारा की जा रही है।

Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal