काशीपुर । प्रदेश के शहरी विकास व खाद्य मंत्री बंशीधर भगत ने कहा कि किसानों को प्रताड़ित करने वालों के विरूद्ध एफआईआर के आदेश दिये गये हैं। किसानों की फसल खरीद और भुगतान में कोताही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जायेगी।
आज यहाँ काशीपुर मीडिया सेंटर में पत्रकारों से बातचीत में बंशीधर भगत ने कहा कि मंत्रालय संभालने के बाद जब वह क्षेत्र के भ्रमण पर आये तो उन्हें किसानों की कई समस्याएं मालूम हुई जिसमें मुख्य रूप से ऊधमसिंहनगर जिले में एक लाख दस हजार कुंतल धान सरकारी केंद्रों पर बिक तो गया दिया उसकी जानकारी पोर्टल पर नहीं चढ़ने से उन्हें भुगतान नहीं हुआ। इस मामले में उन्होंने आदेश कर दिये कि किसानों का भुगतान निर्धारित अवधि में किया जाय।
बंशीधर भगत ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को अवगत कराया कि किसान भुखमरी के कगार पर है उन्हें फसल का मूल्य न मिलने से नाराजगी बढ़ रही है। जिस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल इसका प्रस्ताव लाने को कहा और प्रस्ताव आते ही इसे स्वीकृति दे दी जायेगी। गेंहूं की फसल पर प्रत्येक किसान को प्रति कुंतल 20 रुपये बोनस दिये जाने का प्रस्ताव कैबिनेट में कर दिया है।
खाद्य मंत्री बंशीधर भगत ने कहा कि किसानों को फसल बेचने के दस दिन के भीतर भुगतान अगर नहीं किया गया तो उस अधिकारी या जिम्मेदार कर्मचारी के विरूद्ध एफ आई आर दर्ज की जायेगी। अगर सरकार की कमी से भुगतान देरी से होता है तो इसके लिए सरकार दोषी होगी।
गैरसैंण कमिंशनरी रद्द किये जाने के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के फैसले पर बंशीधर भगत ने कहा कि इस फैसले से वहाँ खासकर अल्मोड़ा की जनता और प्रतिनिधियों में नाराजगी थी। इसी नाराजगी को देखते हुए गैरसैंण को कमिश्नरी बनाने का फैसला स्थगित किया गया। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री के अन्य फैसले पलटने को भी उन्होंने समय की मांग बताया।
इससे पहले शहरी विकास व खाद्य मंत्री बंशीधर भगत का काशीपुर मंडी गेस्ट हाउस पहुंचने पर उनका कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस अवसर पर उनके साथ हल्द्वानी के मेयर जोगेंद्र सिंह रौतेला, राज्यमंत्री तरुण बंसल भी थे। मंडी अतिथि गृह में स्वागत करने वाले भाजपा नेताओं में मेयर श्रीमती ऊषा चौधरी, राम मेहरोत्रा, नगर भाजपा अध्यक्ष मोहन बिष्ट, गुरविंदर सिंह चंडोक, रीति नागर पार्षद वैशाली गुप्ता, रूपेन्द्र बग्गा, अभिषेक गोयल, मिंटू भटनागर, सर्वजीत सिंह, रजत सिद्धू, पुष्कर बिष्ट आदि मौजूद थे। 


Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal