मुंबई। देश में बर्ड फ्लू का खतरा फैलता जा रहा है। अब महाराष्ट्र और दिल्ली में भी बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। महाराष्ट्र में दो दिन में 800 मुर्गियों की मौत हो गई। जिसके बाद से राज्य सरकार सभी जरूरी एहतियात बरत रही है। दिल्ली के एनिमल हसबैंडरी विभाग के मुताबिक, भोपाल भेजे गए 8 सैंपल पॉजिटिव पाए गए हैं। महाराष्ट्र और दिल्ली समेत अब तक 9 राज्यों में बर्ड फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। केरल, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, गुजरात और उत्तर प्रदेश में बर्ड फ्लू फैलने की पुष्टि हो चुकी है।
इस बीच, केंद्र ने विभिन्न चिड़ियाघर प्रबंधनों को निर्देश दिया कि वे केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण को दैनिक रिपोर्ट भेजें और ऐसा तब तक जारी रखें जब तक कि उनके इलाके को रोगमुक्त घोषित नहीं कर दिया जाता। पर्यावरण मंत्रालय के तहत आने वाले केंद्रीय चिड़ियाघरों ने कार्यालयी ज्ञापन जारी कर कहा कि एवियन इन्फ्लुएंजा ‘पशुओं में संक्रामक रोगों की रोकथाम और नियंत्रण कानून, 2009′ के तहत अनुसूचित बीमारी है और इसे फैलने से रोकने के लिए इस तरह की बीमारी की जानकारी देना अनिवार्य है।
वहीं दिल्ली की संजय झील में 17 और बत्तखें मृत पाई गईं, जिसके बाद अधिकारियों ने इलाके को ‘अलर्ट क्षेत्र’ घोषित कर दिया। एक दिन पहले ही यहां पर 10 बत्तखें मृत मिली थीं, जिसके बाद दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने इसे बंद कर दिया था। मृत बत्तखों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि बीते कुछ दिन में डीडीए के 14 पार्क में 91 कौवे मृत पाए गए हैं। दिल्ली में भी बर्ड फ्लू की पुष्टि हो गई है, क्योंकि एनिमल हसबैंडरी विभाग के मुताबिक, भोपाल भेजे गए 8 सैंपल पॉजिटिव पाए गए हैं।




Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal