@नई दिल्ली शब्द दूत ब्यूरो
अमेरिका में इस बात की अटकलें तेज हो गई हैं कि 20 जनवरी को जो बाइडेन के राष्ट्रपति पद की शपथ लेने से ठीक पहले डोनाल्ड ट्रंप देश छोड़कर जा सकते हैं। बताया जा रहा है कि डोनाल्ड ट्रंप स्कॉटलैंड जाने की योजना बना रहे हैं। चुनाव में हार के बाद से ही ट्रंप इसे पचा नहीं पाए हैं और लगातार नतीजों को लेकर सवाल उठा रहे हैं। अब स्कॉटलैंड में 19 जनवरी को ट्रंप के इस्तेमाल किए जाने वाले अमेरिकी सेना के विमान के उतरने की सूचना के बाद अटकलों का बाजार गरम हो गया है।
स्कॉटलैंड के प्रेस्टविक एयरपोर्ट को अमेरिकी सेना के बोइंग 757 विमान के 19 जनवरी को उतरने की सूचना दी गई है। इस यात्री विमान का कभी-कभी ट्रंप इस्तेमाल करते हैं। इस तरह से बाइडन के राष्ट्रपति बनने से ठीक पहले डोनाल्ड ट्रंप स्कॉटलैंड पहुंच जाएंगे। यह अटकल ऐसे समय पर आई जब अमेरिका में कहा जा रहा है कि ट्रंप वर्ष 2024 में फिर से चुनाव लड़ने के बारे में ऐलान बाइडन के शपथ वाले दिन राष्ट्रपति के एयरफोर्स वन विमान में करेंगे।
स्कॉटलैंड के एयर ट्रैफिक कंट्रोलर को अमेरिका के विशेष कॉल साइन वाले प्लेन के आने की सूचना मिली है लेकिन अभी तक यह नहीं पता चला है कि कौन सा विमान आ रहा है। एयरपोर्ट के एक सूत्र के मुताबिक बाइडन के शपथ से ठीक पहले अमेरिका के सैन्य संस्करण वाले बोइंग 757 विमान की बुकिंग मिली है। इस विमान का इस्तेमाल अमेरिका के उपराष्ट्रपति करते हैं लेकिन अक्सर अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप इस विमान का इस्तेमाल करती रही हैं।’ स्कॉटलैंड में ट्रंप का एक गोल्फ रिजॉर्ट भी है।


Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal