@शब्द दूत ब्यूरो
नई दिल्ली। गृहमंत्री अमित शाह को आखिरकार एम्स से डिस्चार्ज कर दिया गया है। गृहमंत्री यहां पर पोस्ट कोविड केयर के लिए भर्ती हुए थे। अब गृहमंत्री पूरी तरह स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो गए हैं। वो कोरोना वायरस के संपर्क में आए थे, जिसके बाद गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में उनका इलाज चला था। हालांकि, कोरोना से ठीक होने के बाद उन्हें कुछ परेशानियां आ रही थीं, जिसके लिए उन्हें एम्स में भर्ती होना पड़ा था।
बता दें कि गृहमंत्री अमित शाह को 17 अगस्त की रात एम्स में भर्ती कराया गया था। वे थकान और बदन दर्द की शिकायत कर रहे थे। इसके पहले 2 अगस्त को यह जानकारी आई थी कि अमित शाह कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। उन्होंने खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी थी। इलाज के लिए उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 14 अगस्त को उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी, जिसके बाद उन्हें मेदांता से डिस्चार्ज कर दिया गया था और वह होम आइसोलेशन में अपने दफ्तर का काम काज कर रहे थे।
ऐसी रिपोर्ट्स आई हैं कि कोरोना से ठीक हो जाने के बाद भी मरीज कई परेशानियों से जूझ रहे हैं। इसे देखते हुए डॉक्टरों का कहना है कि कोविड रिपोर्ट निगेटिव आने का मतलब यह नहीं है कि इससे जुड़ी पूरी परेशानी खत्म हो गई है।अधिकतर मरीजों को पोस्ट-कोविड केयर की जरूरत पड़ रही है। कोरोना से ठीक हो चुके लोगों में खांसी, थकान, कम सैचुरेशन लेवल या फिर ऑक्सीजन लेवल गिर जाने जैसी दिक्कतें देखने को मिल रही हैं।

Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal