राज्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि नामांकन पत्र प्राप्त करने, उनकी जांच एवं वापसी, निर्वाचन प्रतीक आवंटन और मतगणना की प्रक्रिया संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर एवं असिस्टेंट रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से निर्धारित स्थानों पर कराई जाएगी।
@शब्द दूत ब्यूरो (08 सितंबर 2026)
ऊधमसिंहनगर। नगर पालिका परिषद किच्छा और नगर पालिका परिषद सिरौलीकलां के अध्यक्षों एवं सदस्यों के निर्वाचन को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने अधिसूचना जारी कर दी है। राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार ने चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करते हुए स्पष्ट किया है कि दोनों नगर पालिकाओं में निर्वाचन निर्धारित प्रक्रिया के तहत कराया जाएगा।
जारी कार्यक्रम के अनुसार 10 और 11 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। 12 सितंबर को सुबह 10 बजे से नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 13 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन वापस लिए जा सकेंगे।
इसके बाद 14 सितंबर को सुबह 10 बजे से निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन किया जाएगा। दोनों नगर पालिकाओं के लिए 22 सितंबर 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। 24 सितंबर 2026 को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी और कार्य समाप्ति तक परिणाम घोषित किए जाएंगे।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि नामांकन पत्र प्राप्त करने, उनकी जांच एवं वापसी, निर्वाचन प्रतीक आवंटन और मतगणना की प्रक्रिया संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर एवं असिस्टेंट रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से निर्धारित स्थानों पर कराई जाएगी।
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि चुनाव कार्यक्रम के दौरान पड़ने वाले सभी सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी संबंधित निर्वाचन कार्यालय खुले रहेंगे और निर्धारित निर्वाचन कार्य जारी रहेगा।
किच्छा और सिरौलीकलां में चुनावी प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही स्थानीय राजनीति में भी हलचल तेज होने की संभावना है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal