@शब्द दूत ब्यूरो (08 सितंबर 2026)
काशीपुर। महापौर एवं भाजपा नेता दीपक बाली ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी संगठन से मिल रही जिम्मेदारियों के अनुसार कार्यकर्ताओं को साथ लेकर लगातार आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा चुनाव मैदान में उतरेगी और पिछली बार मिली 47 सीटों से भी अधिक सीटें जीतकर प्रदेश में पुनः सरकार बनाएगी।
पत्रकार वार्ता में दीपक बाली ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस द्वारा लगातार भ्रम और झूठ फैलाया जा रहा है। उन्होंने राहुल गांधी द्वारा चाय पर जाति पूछे जाने संबंधी दिए गए कथित बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि यह समाज में भ्रम की स्थिति पैदा करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि आमतौर पर किसी दुकान, होटल या रेस्टोरेंट में चाय मांगने वाले व्यक्ति से उसकी जाति पूछकर उसे अलग गिलास में चाय देने जैसी बात उत्तराखंड में देखने को नहीं मिलती। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों के लोग एक साथ बैठकर चाय-नाश्ता करते हैं और इस तरह की बातें सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करती हैं।
बाली ने बताया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद पार्टी के विधायक, पूर्व विधायक, मेयर और संगठन के पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर आगामी कार्यक्रम की तैयारियों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी क्रम में मानपुर गांव में बैठक आयोजित की गई, जिसमें पंजाबी और सिख समुदाय के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
उन्होंने बताया कि बैठक में उपस्थित लोगों ने 10 सितंबर को रुद्रपुर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम के प्रति अपना समर्थन जताया और काशीपुर विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोगों के कार्यक्रम में शामिल होने का भरोसा दिया।
वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर महापौर दीपक बाली ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन पूरी तरह सक्रिय है और पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता मजबूती से चुनाव में अपनी भूमिका निभाएगा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा इस बार पिछली बार की 47 सीटों के आंकड़े को पार करते हुए 40 से अधिक सीटों के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार फिर से बनेगी।
पत्रकार वार्ता में काशीपुर नगर निगम के वार्डों को मिले सम्मान का भी उल्लेख किया गया। दीपक बाली ने बताया कि नेशनल ग्रीन हेरिटेज कार्यक्रम के तहत काशीपुर नगर निगम के वार्ड नंबर 15 और वार्ड नंबर 17 को पुरस्कार मिला है। उन्होंने बताया कि दोनों वार्ड 10 हजार से कम आबादी वाली श्रेणी में आते हैं। इस श्रेणी के लिए निर्धारित पुरस्कार राशि 10 लाख रुपये प्रति वार्ड है।
महापौर ने इस उपलब्धि के लिए नगरवासियों, विशेषकर वार्ड नंबर 15 और 17 के नागरिकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि नगर निगम के प्रयासों के साथ स्थानीय जनता के सहयोग और प्रयासों के कारण दोनों वार्डों को यह सम्मान हासिल हुआ है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी नगर निगम और जनता के सामूहिक प्रयासों से स्वच्छता और पर्यावरण के क्षेत्र में काशीपुर बेहतर प्रदर्शन करेगा।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal