रिपोर्ट के आधार पर लेखपाल के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के बाद तहसील प्रशासन में भी खलबली मच गई है।
@शब्द दूत ब्यूरो (25 अगस्त 2026)
शाहगंज। तहसील में तैनात लेखपाल अशोक कुमार यादव को फेसबुक पर एक पोस्ट करना भारी पड़ गया। रविवार को उनके फेसबुक अकाउंट से पोस्ट की गई टिप्पणी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद तहसील प्रशासन के संज्ञान में आई। मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार की रिपोर्ट के आधार पर लेखपाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार लेखपाल अशोक कुमार यादव ने रविवार को फेसबुक पर “चाय खतरे में है मित्तर, चीनी पहुंच गई सत्तर” लिखकर पोस्ट किया था। पोस्ट इंटरनेट मीडिया पर चर्चा में आने के बाद तहसील प्रशासन ने मामले की जानकारी जुटाई और इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी।
रिपोर्ट के आधार पर लेखपाल के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के बाद तहसील प्रशासन में भी खलबली मच गई है। अधिकारियों ने सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों को इंटरनेट मीडिया के इस्तेमाल को लेकर सतर्क रहने की हिदायत दी है।
अधिकारियों का कहना है कि सरकारी सेवा में रहते हुए कर्मचारियों और अधिकारियों को इंटरनेट मीडिया पर किसी भी प्रकार की टिप्पणी या पोस्ट करते समय सेवा आचरण नियमों का ध्यान रखना चाहिए। ऐसी किसी पोस्ट से बचना चाहिए, जिससे विभाग की छवि प्रभावित होने अथवा विवाद की स्थिति उत्पन्न होने की संभावना हो।
लेखपाल के निलंबन की कार्रवाई को इसी दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है। तहसील प्रशासन ने कर्मचारियों को सलाह दी है कि इंटरनेट मीडिया पर कोई भी पोस्ट या टिप्पणी करने से पहले उसके संभावित प्रभाव पर गंभीरता से विचार करें।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal