@शब्द दूत ब्यूरो (08 सितंबर 2026)
देहरादून। उत्तराखंड में स्वच्छ वायु सर्वेक्षण की रैंकिंग में देहरादून ने इस बार बेहतर प्रदर्शन किया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के तहत जारी रैंकिंग में तीन से दस लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देहरादून 12वें स्थान पर पहुंच गया है। पिछले वर्ष देहरादून 19वें स्थान पर था। इस बार उसे 182 अंक मिले हैं।
वहीं तीन लाख से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में ऋषिकेश और काशीपुर की रैंकिंग में गिरावट आई है। ऋषिकेश 180.7 अंक के साथ 16वें स्थान पर रहा, जबकि काशीपुर को 178.2 अंक के साथ 21वां स्थान मिला। पिछले वर्ष ऋषिकेश 14वें और काशीपुर 18वें स्थान पर थे।
देहरादून की रैंकिंग में सुधार के पीछे सड़क की धूल को नियंत्रित करने, यांत्रिक तरीके से सड़कों की सफाई, पानी का छिड़काव और प्रदूषण नियंत्रण नियमों के पालन जैसे प्रयासों को अहम माना गया है। शहर में प्रदूषण नियंत्रण के लिए जागरूकता अभियान भी चलाए गए। कुछ क्षेत्रों में ड्रोन के माध्यम से पानी का छिड़काव भी किया गया।
स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में देहरादून की रैंकिंग में पिछले वर्षों के दौरान उतार-चढ़ाव रहा है। अब लगातार सुधार के बाद शहर 12वें स्थान पर पहुंचा है। अधिकारियों के अनुसार अगले वर्ष रैंकिंग में और सुधार के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बढ़ाकर प्रदूषण नियंत्रण के उपायों को और प्रभावी किया जाएगा।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal