@नई दिल्ली शब्द दूत ब्यूरो (10 मई, 2022)
आप दुनिया के कई अजब-गजब जानवरों के बारे में जानते होंगे, लेकिन क्या आप जानते हैं कि दुनिया का सबसे बड़ा जानवर कौन है? आप सोच रहे होंगे कि हाथी इस दुनिया का सबसे बड़ा जानवर है। बता दें कि दुनिया का सबसे बड़ा जानवर ब्लू व्हेल है।
आप यह जानकर हैरान रह जाएंगे कि फीडिंग के मौसम में ब्लू व्हेल हर रोज 3600 मछलियां खा जाती है। जहां डायनासोर के सबसे बड़े कंकाल की लंबाई 27 मीटर के करीब है। वहीं ब्लू व्हेल का आकार 30 मीटर तक होता है। आपको जानकर आश्चर्य होगा कि ब्लू व्हेल के जीभ का वजन एक अफ्रीकन हाथी के वजन के लगभग बराबर होता है। वहीं खोपड़ी की लंबाई 5.8 मीटर होती है।
ब्लू व्हेल एक स्तनधारी जानवर है। यह इतना बड़ी है कि हाथी भी इसके सामने बौने नजर आते हैं। एक ब्लू व्हेल का वजन चार लाख पौंड होता है। इसका मतलब यह है कि इसका वजन 33 हाथियों के बराबर होता है। ब्राजील के रियो डि जेनेरो स्थित क्राइस्ट के स्टैच्यू के लगभग इसकी लंबाई होती है। इसका दिल एक छोटी कार के बराबर होता है।
ब्लू व्हेल की आवाज बहुत बुलंद होती है। इसे दुनिया की सबसे तेज आवाज माना जाता है। आपको जानकर आश्चर्य होगा कि ब्लू व्हेल की आवाज जेट इंजन से ज्यादा तेज होती है। जहां एक जेट इंजन 140 डेसिबल का साउंड पैदा कर सकता है, वहीं ब्लू व्हेल एक बार में 188 डेसीबल तक का साउंड पैदा कर सकती है। अगर यह धीमी आवाज में भी बोल दे तो इसे सैकड़ों मील दूर तक सुना जा सकता है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal