ब्लास्ट इतना भयंकर था कि टायर के पास मौजूद दोनों कर्मचारी हवा में उछल गए।
@नई दिल्ली शब्द दूत ब्यूरो (05 मई, 2022)
छत्तीसगढ़ के रायपुर के सिलतरा में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। दरअसल, एक फैक्ट्री में हवा भरने के दौरान टायर ब्लास्ट हो गया। इस हादसे में वहां मौजूद दो कर्मचारियों की मौत हो गई।
दरअसल, फैक्ट्री में एक जेसीबी के टायर को निकालकर एक कर्मचारी हवा भर रहा था। वह हवा भरने के दौरान टायर पर बैठकर लगातार हवा चेक करने की कोशिश कर रहा था। तभी अचानक टायर फट गया। यह ब्लास्ट इतना भयंकर था कि टायर के पास मौजूद दोनों कर्मचारी हवा में उछल गए। साथ ही उनके शरीर के कुछ टुकड़े भी आसपास बिखर गए।
फैक्ट्री के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरा में पूरी घटना कैद हुई है। सीसीटीवी फुटेज में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि फैक्ट्री में एक जेसीबी खड़ी है। साथ ही वहां पर कुछ कर्मचारी मौजूद हैं। वीडियो में दिख रहा है कि एक मजदूर टायर में हवा भर रहा है। वहां पास में खड़े दो कर्मचारी बात कर रहे हैं। उनमें से एक कर्मचारी भी हवा भर रहे कर्मचारी के पास आकर खड़ा हो जाता है। तभी टायर में ब्लास्ट हो जाता है।
बताया जा रहा है कि मृतक मध्यप्रदेश के रीवा के निवासी थे। मृतकों के नाम राजपाल सिंह 32 वर्ष और प्रांजन नामदेव 32 वर्ष हैं। घटना सिलतरा चौकी क्षेत्र में हुई है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal