@शब्द दूत ब्यूरो (17 मार्च, 2022)
कांग्रेस में हार पर मचे घमासान के बीच धारचुला विधायक हरीश धामी ने नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी पर दावा ठोक दिया। बकौल धामी, मैं तीन बार का विधायक हूं। युवा हूं, सैनिक का बेटा हूं और कांग्रेस का समर्पित सिपाही हूं। यदि हाईकमान मेरे नाम पर विचार नहीं करता तो मुझे भी भविष्य को लेकर विचार करना होगा।
धामी ने कहा कि वो सीमांत क्षेत्र के विधायक हैं। 2012 से लगातार तीन बार विधायक हैं। धामी ने निवर्तमान नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह पर इशारों इशारों में निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक ही व्यक्ति को मंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष बनाया जाता रहेगा तो क्या हम लोग केवल वोट डालने के लिए विधायक हैं? चुनाव के बाद पहली बार देहरादून आए धामी ने अपने तीखे तेवर से कांग्रेस में नई हलचल पैदा कर दी है।
दरअसल हरीश धामी पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के खासमखास माने जाते हैं। धामी अपने तीखे तेवरों और साफगोई के लिए भी जाने जाते हैं। राजनीतिक हलकों में ये भी माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में कांग्रेस के भीतर हार पर रार और ठनेगी।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal