@नई दिल्ली शब्द दूत ब्यूरो
केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के दिए एक बयान को लेकर उनपर निशाना साधा और कहा कि राहुल ने भारत और देश की जनता का अपमान किया है। जावड़ेकर ने कहा, ‘प्रधानमंत्री देश की जनता के साथ कोविड का सामना कर रहे हैं, तब ये ऐसे प्रयासों के लिए ‘नौटंकी’ शब्द का उपयोग करते हैं, ये देश और जनता का अपमान है। हम ‘उनकी नौटंकी’ ऐसे शब्द का इस्तेमाल नहीं करेंगे क्योंकि उनकी नौटंकी जनता ने कब की बंद कर दी है।’
दरअसल राहुल गांधी ने देश में कोरोना वैक्सीनेशन की कथित तौर पर धीमी गति होने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा था। राहुल ने आरोप लगाया कि पीएम मोदी ने जिस तरह से ‘नौटंकी’ की और अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाई, उसी वजह से कोरोना की दूसरी लहर आई।
प्रकाश जावड़ेकर ने कहा, ‘भारत का वैक्सीनेशन 2021 में ही दिसंबर के पहले पूरा होगा। राहुल जी अगर आप वैक्सीन की चिंता करते हो तो अपने कांग्रेस शासित राज्यों पर ध्यान दो, वहां वैक्सीनेशन में गड़बड़ हो रही है। उनको एक मई से 18-45 वर्ष के लोगों के लिए जो कोटा दिया गया है, वो तो ले नहीं रहे हैं।’
जावड़ेकर ने आगे कहा, ‘दिसंबर तक देश के 108 करोड़ लोगों को वैक्सीन देने को लेकर पूरा खाका हेल्थ मिनिस्ट्री तैयार कर चुकी है। दिसंबर तक 200 मिलियन डोज लगाने का पूरा खाका बना हुआ है। कुल 216 करोड़ डोज होता है। 2021 के पहले पूरा करने का खाका खींचा जा चुका है।’

Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal