@शब्द दूत ब्यूरो (24 अगस्त 2026)
काशीपुर। सड़क किनारे 19 वर्षीय युवती का शव मिलने के मामले का पुलिस ने महज 72 घंटे में खुलासा कर दिया। कोतवाली काशीपुर पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर के आरोप में डम्पर चालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त डम्पर, लोहे का हुक, मृतका का मोबाइल फोन, बैग और घटना के समय आरोपियों द्वारा पहने गए कपड़े भी बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार 20 अगस्त 2026 की सुबह धनौरी पट्टी, रामनगर रोड काशीपुर में सड़क किनारे 19 वर्षीय युवती का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। युवती के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए थे। प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने मामले का स्वयं संज्ञान लेते हुए पुलिस अधिकारियों को शीघ्र खुलासा करने के निर्देश दिए थे।
पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए मृतका के घर से घटनास्थल तक जाने वाले संभावित मार्गों को चिन्हित किया और करीब 200 से 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चैती मेला रोड से चीमा चौराहा, रामनगर रोड, केलामोड़ होते हुए ओंकार स्टोन क्रेशर की ओर जाने वाले एक डम्पर को संदिग्ध पाया गया।
जांच के दौरान मृतका और संदिग्ध व्यक्तियों के मोबाइल नंबरों की सीडीआर तथा मोबाइल लोकेशन का भी विश्लेषण किया गया। पुलिस के अनुसार घटना से कुछ समय पहले मृतका की लोकेशन चैती मैदान के आसपास मिली थी। मृतका ने 20 अगस्त की सुबह करीब 4:35 बजे चैती रोड से चीमा चौराहा जाने के लिए रैपिडो बुक की थी, जिसे करीब 4:38 बजे कैंसिल कर दिया गया था। इसके बाद उसका मोबाइल गुलजारपुर क्षेत्र में डम्पर चालक छोटे को सड़क पर पड़ा मिला था। मोबाइल फ्लाइट मोड में था।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर डम्पर संख्या UK15CA-1437 को चिन्हित किया गया। वाहन स्वामी से पूछताछ में पता चला कि घटना के समय डम्पर राजू पुत्र ललित निवासी कचनालगुसाई, थाना आईटीआई चला रहा था और उसके साथ सुमित पुत्र राजू निवासी धनौरी पट्टी लक्ष्मीपुर, थाना काशीपुर मौजूद था। पुलिस ने दोनों से पूछताछ की, जिसमें उनकी कथित संलिप्तता सामने आई।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में राजू ने बताया कि 20 अगस्त की सुबह वह सुमित के साथ खनिज सामग्री लेने क्रेशर की ओर जा रहा था। चैती मैदान के पास एक महिला ने डम्पर रुकवाया और दोनों ने उसे वाहन में बैठा लिया। कुछ दूर जाने के बाद राजू ने सुमित को डम्पर चलाने के लिए कहा और स्वयं महिला के पास बैठ गया। पुलिस के अनुसार एकांत स्थान पर राजू ने महिला के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। विरोध करने और पुलिस में शिकायत करने की बात कहने पर विवाद बढ़ गया। इसी दौरान महिला द्वारा राजू के हाथ में दांत काटने के बाद राजू ने डम्पर में रखे लोहे के हुक से उसके सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार इसके बाद दोनों आरोपियों ने शव को सड़क किनारे फेंक दिया और क्रेशर की ओर चले गए। मृतका का मोबाइल डम्पर में ही छूट गया था। पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से आरोपियों ने मोबाइल को ओंकार स्टोन क्रेशर से पहले सड़क पर रख दिया था।
23 अगस्त को पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर डम्पर को कब्जे में लिया। आरोपियों की निशानदेही पर डम्पर के अंदर से घटना में प्रयुक्त लोहे का हुक और मृतका का बैग बरामद किया गया। बैग से आधार कार्ड, बैंक पासबुक और आयुष्मान कार्ड मिले। इसके अलावा घटना के समय आरोपियों द्वारा पहने गए कपड़े भी बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 39 वर्षीय राजू पुत्र ललित निवासी कचनालगुसाई, थाना आईटीआई, ऊधमसिंहनगर और 19 वर्षीय सुमित पुत्र राजू निवासी धनौरी पट्टी लक्ष्मीपुर, थाना काशीपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त डम्पर UK15CA-1437, लोहे का हुक, मृतका का मोबाइल फोन, बैग तथा आरोपियों के कपड़े बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, फॉरेंसिक साक्ष्यों, सीडीआर, मोबाइल लोकेशन और 200 से 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के विश्लेषण के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ते हुए महज 72 घंटे में ब्लाइंड मर्डर का खुलासा किया गया।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि ऊधमसिंहनगर पुलिस अपराधियों के खिलाफ पूरी सख्ती से कार्रवाई कर रही है। अपराधी कितना भी शातिर क्यों न हो, वह पुलिस की नजर से बच नहीं सकता। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal