@शब्द दूत ब्यूरो (17 अगस्त 2026)
काशीपुर। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के छह वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चन्द्रावती तिवारी कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, काशीपुर में छात्राओं की रचनात्मक एवं कलात्मक प्रतिभा, सांस्कृतिक चेतना तथा नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कला उत्सव शैली एवं नवाचार प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन चित्रकला विभाग, गृहविज्ञान विभाग एवं बीएड विभाग के निर्देशन में महाविद्यालय परिसर में किया गया।
प्रदर्शनी में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए चित्रकला, मॉडल, हस्तकला तथा पारंपरिक कला से संबंधित विभिन्न रचनात्मक प्रस्तुतियां प्रदर्शित कीं। छात्राओं द्वारा तैयार किए गए विभिन्न कलात्मक एवं नवाचार आधारित मॉडलों ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ. दीपिका आत्रेय ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मक सोच और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी ने छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ भारतीय कला, संस्कृति और नवाचार से जुड़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया है।
इस अवसर पर एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. वन्दना सिंह, डॉ. रमा अरोरा, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अंजलि गोस्वामी, डॉ. गीता मेहरा, डॉ. दीपा चनियाल, डॉ. रंजना, डॉ. ज्योति गोयल, श्रीमती प्राची धौलाखण्डी, श्रीमती शीतल अरोरा, डॉ. ज्योति रावत, डॉ. पुष्पा धामा, श्रीमती कृति टण्डन, विजेन्द्र कुमार सहित बीएड विभाग के समस्त शिक्षक उपस्थित रहे।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal