Breaking News

काशीपुर :एक दिन में 7 सड़कों का शिलान्यास,मेयर पद संभालने के बाद अब तक 1100 सड़कों का निर्माण , महापौर दीपक बाली की विकास गति की लोगों ने की सराहना

@शब्द दूत ब्यूरो (13 जून 2026)

काशीपुर। शहर को गड्ढामुक्त और आधुनिक बनाने की दिशा में नगर निगम ने एक और बड़ा कदम उठाया है। महापौर दीपक बाली ने आज करीब 1 करोड़ 22 हजार रुपये की लागत से बनने वाली सात सड़कों एवं नाली निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों के लोगों ने महापौर का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए विकास कार्यों की गति की सराहना की।

महापौर दीपक बाली ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की “काशी की तरह सजाएंगे काशीपुर को” घोषणा को धरातल पर उतारने के लिए नगर निगम लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र की सभी सड़कों का निर्माण कराया जाएगा और किसी भी क्षेत्र के नागरिकों को इस बात की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है कि उनके मोहल्ले की सड़क बनेगी या नहीं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि काशीपुर को पूरी तरह गड्ढामुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

महापौर ने बताया कि अब तक नगर निगम क्षेत्र में 1100 से अधिक सड़कों का निर्माण कराया जा चुका है। शुक्रवार को वार्ड संख्या 6, 8 और 9 में सात नई सड़कों के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे वार्ड संख्या 9 के खड़कपुर-देवीपुरा क्षेत्र से हुई। इसके बाद रामपुरम कॉलोनी, कुंडेश्वरी रोड, रेलवे लाइन गेट क्षेत्र समेत विभिन्न इलाकों में सड़क और नाली निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया गया।

महापौर प्रतिनिधि चौधरी समरपाल सिंह तथा विकास कार्यों की निगरानी कर रहे जसवीर सिंह सैनी के अनुसार वार्ड संख्या 9 में लगभग 15.99 लाख रुपये, वार्ड संख्या 8 में 63.73 लाख रुपये तथा वार्ड संख्या 6 में 20.50 लाख रुपये की लागत से सड़क एवं नाली निर्माण कार्य कराए जाएंगे।

स्थानीय नागरिकों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनकी सड़कों का निर्माण बरसात से पहले शुरू हो जाएगा, लेकिन महापौर ने अपने वादे को पूरा कर दिखाया। लोगों का कहना था कि लंबे समय से सड़क और जल निकासी की समस्याओं से जूझ रहे क्षेत्रों को इन परियोजनाओं से बड़ी राहत मिलेगी।

महापौर दीपक बाली ने कहा कि नगर निगम शहर के प्रत्येक वार्ड में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है और विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद संबंधित क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

शिलान्यास कार्यक्रम में वार्ड पार्षद अभिषेक कुमार, कुलदीप शर्मा, सतीश कुमार, दुर्गेश गुप्ता, सांसद प्रतिनिधि एवं पार्षद विजय बॉबी, बूथ अध्यक्ष राजीव कुमार, सुंदरलाल, अशोक कुमार, शक्ति केंद्र संयोजक मनोज कुमार शर्मा, चेतराम शर्मा, जितेंद्र सिंह बिश्नोई, सुमन देवी, माला, विमला कुमारी, शिखा, नवनीत कुमार, नगर निगम के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

Website Design By Mytesta +91 8809666000

Check Also

काशीपुर: फ्लाईओवर की टूटी रेलिंग करोड़ों की परियोजना तीन बल्लियों पर टिकी,बिना उद्घाटन के शुरू हुआ देश का अनोखा पुल, देखिए वीडियो

🔊 Listen to this @शब्द दूत ब्यूरो (09 जून 2026) काशीपुर। शहर के बहुचर्चित और …

googlesyndication.com/ I).push({ google_ad_client: "pub-