@शब्द दूत ब्यूरो (10 जून 2026)
दिनेशपुर (ऊधमसिंहनगर)। जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासन, चिकित्सा विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने दिनेशपुर स्थित लाइफलाइन हॉस्पिटल एवं डॉ. असगर अली के क्लीनिक पर आकस्मिक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान अस्पताल के अवैध रूप से संचालित होने और बिना महिला चिकित्सक के गर्भपात कराए जाने संबंधी शिकायतों की पुष्टि होने पर अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार जिलाधिकारी को अस्पताल में अनियमितताओं और अवैध गतिविधियों की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत की सत्यता परखने के लिए क्षेत्रीय पटवारी को मरीज बनाकर अस्पताल भेजा गया, जिसके बाद आरोपों की पुष्टि होने पर संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
जांच के दौरान अस्पताल प्रबंधन कोई वैध पंजीकरण प्रस्तुत नहीं कर सका। टीम को पता चला कि डॉ. असगर अली के पास बीएएमएस की डिग्री है, जबकि परिसर में अस्पताल संचालित किया जा रहा था। निरीक्षण में ऑपरेशन थिएटर, एलोपैथिक दवाइयां और ऑपरेशन से संबंधित उपकरण भी मिले। मौके पर कोई महिला चिकित्सक मौजूद नहीं थी।
निरीक्षण के दौरान स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मधु माथुर और जिला चिकित्सालय के डॉ. अंजनी कुमार ने अस्पताल में गर्भपात एवं स्त्री रोग संबंधी प्रक्रियाओं में प्रयुक्त होने वाली दवाएं और उपकरण पाए जाने की पुष्टि की। टीम को मिडाजोलम, मेफेनफाइन, मेसोप्रोस्टॉल टैबलेट, एपिडोसिन, मेथारजिन, फीटल डॉप्लर मशीन, रक्त मिश्रित कॉटन स्वैब, बीएसटी, कंसेंट दस्तावेज सहित अन्य सामग्री मिली।
कार्रवाई के दौरान उप जिलाधिकारी गदरपुर, तहसीलदार गदरपुर, राजस्व उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार, इंदु भट्ट तथा पुलिस विभाग के अन्य कार्मिक भी मौजूद रहे।
प्रशासन ने अस्पताल को अवैध रूप से संचालित पाए जाने पर तत्काल सील कर दिया है। मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर अग्रिम कार्रवाई के लिए उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal