Breaking News

काशीपुर में स्विफ्ट कार से हथियारों का जखीरा बरामद, एस टी एफ की बड़ी कार्रवाई से मचा हड़कंप

@शब्द दूत ब्यूरो (10 जून 2026)

काशीपुर । स्पेशल टास्क फोर्स ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्विफ्ट कार से हथियारों और कारतूसों का जखीरा बरामद किया है। कार से चार हथियार और 237 जिंदा कारतूस मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसटीएफ ने जांच शुरू कर दी है। हालांकि फिलहाल इस मामले में मीडिया को कोई आधिकारिक बाइट जारी नहीं की गई है।

जानकारी के अनुसार काशीपुर के एक निजी कार पार्किंग क्षेत्र में खड़ी स्विफ्ट कार संख्या UK18 P 5046 में हथियार होने की गोपनीय सूचना एस टी एफ को मिली थी। सूचना के आधार पर तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई और मौके पर पहुंचकर वाहन की तलाशी ली।

निरीक्षक एमपी सिंह और अरुण कुमार के नेतृत्व में करीब 10 सदस्यीय टीम ने जब कार की जांच की तो वाहन से एक 12 बोर पंप एक्शन गन, एक .22 बोर राइफल, एक .32 बोर पिस्टल और एक .32 बोर रिवॉल्वर बरामद की गई। इसके अलावा कार से कुल 237 जिंदा कारतूस भी बरामद हुए।

इतनी बड़ी मात्रा में हथियार और कारतूस मिलने के बाद जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुट गई हैं कि इनका मालिक कौन है और इन्हें किस उद्देश्य से रखा गया था। बरामद हथियारों और कारतूसों से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।

एस टी एफ वाहन के वास्तविक उपयोगकर्ता, हथियारों के स्रोत और उनके संभावित इस्तेमाल के संबंध में जानकारी जुटा रही है। साथ ही वाहन मालिक और उससे जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।

जांच एजेंसियां यह भी खंगाल रही हैं कि कहीं मामला किसी आपराधिक गिरोह, हथियार तस्करी नेटवर्क या अन्य अवैध गतिविधियों से तो जुड़ा नहीं है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच को फिलहाल गोपनीय रखा गया है।

आमतौर पर शांत माने जाने वाले काशीपुर क्षेत्र में इतनी बड़ी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद होने के बाद स्थानीय स्तर पर भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।

फिलहाल एक स्विफ्ट कार से चार हथियार और 237 कारतूस की बरामदगी को सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी सफलता माना जा रहा है। अब सभी की निगाहें STF की जांच पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि आखिर इतने बड़े हथियारों के जखीरे के पीछे क्या मंशा थी और क्या किसी संभावित बड़ी वारदात को समय रहते टाल दिया गया।

Website Design By Mytesta +91 8809666000

Check Also

दिनेशपुर :अवैध अस्पताल पर प्रशासन का छापा, गर्भपात और ऑपरेशन की आशंका में लाइफलाइन हॉस्पिटल सील

🔊 Listen to this @शब्द दूत ब्यूरो (10 जून 2026) दिनेशपुर (ऊधमसिंहनगर)। जिलाधिकारी के निर्देश …

googlesyndication.com/ I).push({ google_ad_client: "pub-