@शब्द दूत ब्यूरो (09 जून 2026)
हरिद्वार। उत्तराखंड में सरकारी भूमि पर बने अवैध धार्मिक ढांचों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हरिद्वार जिले में जिला प्रशासन ने एक और अवैध मजार को ध्वस्त कर दिया। सहारनपुर-झबरेड़ा मार्ग पर लोक निर्माण विभाग की भूमि पर बनी इस अवैध संरचना को बुलडोजर की मदद से हटाया गया।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई। पीडब्ल्यूडी, राजस्व विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने सायंकालीन अभियान चलाकर सड़क किनारे स्थित अवैध मजार को नियमानुसार ध्वस्त कर दिया।
प्रशासन के अनुसार संबंधित पक्ष को पूर्व में नोटिस जारी किया गया था। नोटिस के बावजूद न तो कोई संतोषजनक जवाब प्रस्तुत किया गया और न ही कोई वैध दस्तावेज उपलब्ध कराया गया। दो बार नोटिस देने तथा निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को हटा दिया।
कार्रवाई के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा और पूरे अभियान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया। प्रशासन ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की प्रक्रिया लगातार जारी है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक प्रदेश में 590 अवैध मजारों को हटाया जा चुका है। इसके अलावा 48 अन्य धार्मिक संरचनाओं को भी सरकारी भूमि से कब्जामुक्त कराया गया है।
प्रशासन का कहना है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal