@शब्द दूत ब्यूरो (02 जून 2026)
ऊधम सिंह नगर। घर के बाहर वाहन खड़ा करने को लेकर हुए विवाद में मारपीट के बाद एक व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो जाने के मामले में कोतवाली आईटीआई पुलिस ने हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार महुआखेड़ागंज निवासी अनीश पुत्र कासम अली ने कोतवाली आईटीआई में तहरीर देकर बताया कि 30 मई 2026 की रात करीब 11 बजे वह अपने घर में पोती की शादी की तैयारियों में व्यस्त थे। इसी दौरान अली अकबर पुत्र सुबराती और अहमद रजा पुत्र साबिर हुसैन ने अपनी स्कॉर्पियो उनके घर के सामने खड़ी कर दी। जब उन्होंने शादी का सामान रखने के लिए वाहन को अन्यत्र खड़ा करने का अनुरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि इसके बाद वे अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ लाठी-डंडों से लैस होकर पहुंचे और शिकायतकर्ता तथा उसके परिजनों के साथ मारपीट की।
मारपीट के दौरान अफजल पुत्र महबूब अली के सिर पर लोहे की रॉड से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान 31 मई को उनकी मृत्यु हो गई। घटना में अन्य लोग भी घायल हुए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर कोतवाली आईटीआई में एफआईआर संख्या 150/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह राठौर ने स्वयं ग्रहण करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2 जून 2026 को दो नामजद आरोपियों अली अकबर पुत्र सुबराती तथा नाजिम पुत्र सुबराती निवासी महुआखेड़ागंज, कोतवाली आईटीआई क्षेत्र को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal