Breaking News

काशीपुर:दीपावली पर वेतन और बोनस नहीं मिलने से भड़के सफाई कर्मचारी, महाराणा प्रताप चौक पर ट्रॉलियों से पलटा कूड़ा

@शब्द दूत ब्यूरो (08 नवंबर 2026)

काशीपुर। दीपावली जैसे बड़े त्योहार पर भी वेतन और बोनस नहीं मिलने से नाराज एमएसडब्ल्यू (MSW) कंपनी के सफाई कर्मचारियों ने काशीपुर में विरोध प्रदर्शन का अनोखा तरीका अपनाया। कर्मचारियों ने शहर के मुख्य चौराहे पर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में भरकर लाया गया कूड़ा पलट दिया, जिससे चौराहा कूड़े के ढेर में तब्दील हो गया। त्योहार के दिन शहर के प्रमुख मार्ग पर फैली गंदगी से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का आरोप है कि काशीपुर नगर निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का ठेका संभाल रही कंपनी द्वारा उन्हें समय पर वेतन नहीं दिया जा रहा है। दीपावली के अवसर पर भी न तो उनकी सैलरी मिली और न ही कोई बोनस या त्योहार का उपहार दिया गया। कर्मचारियों का कहना है कि उनका पीएफ भी नियमित रूप से जमा नहीं किया जा रहा है।
कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें प्रतिमाह लगभग 11 से 12 हजार रुपये वेतन मिलता है, लेकिन वह भी पूरा और निर्धारित समय पर नहीं दिया जाता। कई बार कंपनी के अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी शिकायतों पर कोई सुनवाई नहीं हुई। कर्मचारियों का यह भी आरोप है कि अधिकारियों को फोन करने पर कॉल तक नहीं उठाई जाती और अपनी समस्याएं रखने के लिए बनाए गए व्हाट्सएप ग्रुप में डाली गई शिकायतों को भी डिलीट कर दिया जाता है।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने कहा कि उनके भी परिवार और बच्चे हैं। दीपावली पर हर व्यक्ति अपने परिवार के साथ त्योहार मनाना चाहता है, लेकिन वेतन नहीं मिलने के कारण उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। लगातार शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं होने पर उन्हें मजबूर होकर विरोध का यह कदम उठाना पड़ा।
इस दौरान बातचीत में कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि उनका विरोध ट्रैक्टर-ट्रॉली से घरों से कूड़ा उठाकर कूड़ा संग्रहण केंद्रों तक पहुंचाने वाले कार्य को लेकर है। उन्होंने बताया कि उनके कामकाज से जुड़ी गाड़ियों का संचालन प्रभावित हुआ है।
उधर, बातचीत के दौरान नगर निगम की ओर से भुगतान किए जाने की बात भी सामने आई, लेकिन कर्मचारियों का कहना है कि निगम से भुगतान होने के बावजूद उन्हें कंपनी की ओर से पूरा वेतन समय पर नहीं मिल रहा है।
दीपावली के दिन शहर के मुख्य चौराहे पर कूड़ा फैलने से सफाई व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए। अब देखना होगा कि नगर निगम प्रशासन और संबंधित कंपनी कर्मचारियों की वेतन, पीएफ और बोनस संबंधी शिकायतों का समाधान कब तक करते हैं और शहर की सफाई व्यवस्था को दोबारा पटरी पर लाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

Check Also

मुख्यमंत्री ने कुम्भ मेला-2027 के दृष्टिगत हरिद्वार के चिकित्सालयों के लिए चिकित्सा उपकरणों को दिखाई हरी झंडी

🔊 Listen to this शब्द दूत ब्यूरो (05 नवंबर 2026) *मुख्यमंत्री ने कुम्भ मेला-2027 के …

googlesyndication.com/ I).push({ google_ad_client: "pub-