@शब्द दूत ब्यूरो (05 सितंबर 2026)
काशीपुर। नगर निगम काशीपुर क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 65 लाभार्थियों को कुल 34.60 लाख रुपये की सहायता राशि की किस्त जारी की जा रही है। महापौर दीपक बाली ने बताया कि इसमें 22 लाभार्थियों को तृतीय किस्त के रूप में 17.60 लाख रुपये तथा 43 लाभार्थियों को चतुर्थ एवं अंतिम किस्त के रूप में 17 लाख रुपये का भुगतान किया जा रहा है।
महापौर दीपक बाली ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में पात्र परिवारों को पक्का और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आवास निर्माण की प्रगति के आधार पर लाभार्थियों को योजना की विभिन्न किस्तों का भुगतान किया जाता है।
महापौर ने कहा कि तृतीय किस्त प्राप्त होने से 22 लाभार्थियों को अपने आवास निर्माण को आगे बढ़ाने में आर्थिक सहायता मिलेगी, जबकि निर्धारित निर्माण कार्य पूरा कर चुके 43 लाभार्थियों को चतुर्थ एवं अंतिम किस्त जारी की जा रही है। इस प्रकार कुल 65 लाभार्थियों को 34 लाख 60 हजार रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि अंतिम किस्त मिलने से लाभार्थी परिवारों के पक्के मकान का सपना पूरा होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठेगा। योजना की धनराशि मिलने से लाभार्थियों में खुशी का माहौल है। महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य पात्र परिवारों को बेहतर, सुरक्षित और पक्का आवास उपलब्ध कराने के साथ उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal