@शब्द दूत ब्यूरो (19 अगस्त 2026)
काशीपुर। चंद्रावती तिवारी कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बीए एवं बीकॉम में नवप्रवेशित छात्राओं के लिए अभिविन्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति के साथ हुआ।
समाजशास्त्र विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. वंदना सिंह ने नवप्रवेशित छात्राओं का अभिनंदन एवं स्वागत करते हुए महाविद्यालय की स्थापना और उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में प्रवेश छात्राओं के जीवन की एक नई और महत्वपूर्ण यात्रा की शुरुआत है। उन्होंने छात्राओं को नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने, अनुशासन का पालन करने तथा अध्ययन के साथ राष्ट्रीय सेवा योजना, यूथ रेड क्रॉस सहित अन्य रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
अर्थशास्त्र विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. रमा अरोरा ने छात्राओं को राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, शैक्षणिक एवं परीक्षा प्रणाली तथा खेल गतिविधियों की जानकारी दी। अंग्रेजी विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. दीपा चनियाल ने छात्रवृत्ति योजनाओं और एंटी-ड्रग सेल के संबंध में छात्राओं को महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
महाविद्यालय की समस्त प्राध्यापकगण ने अपना परिचय देते हुए छात्राओं को मतदाता जागरूकता, सांस्कृतिक गतिविधियों, करियर काउंसलिंग, अपार आईडी सहित महाविद्यालय में संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया।
कार्यक्रम के दौरान ‘एक पेड़ मां के नाम’ तथा एंटी-ड्रग कमेटी की ओर से हस्ताक्षर अभियान भी आयोजित किया गया, जिसमें 70 छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अंजलि गोस्वामी, डॉ. गीता मेहरा, डॉ. रंजना, डॉ. ज्योति गोयल, श्रीमती प्राची धौलाखण्डी, श्रीमती शीतल अरोरा, डॉ. ज्योति रावत, डॉ. पुष्पा धामा, श्रीमती कृति टण्डन, विजेन्द्र कुमार, डॉ. शालिनी सिंह, श्रीमती शिप्रा छाबड़ा तथा डॉ. सोमेश शर्मा उपस्थित रहे।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal