@शब्द दूत ब्यूरो (16 अगस्त 2026)
काशीपुर। टांडा उज्जैन चौराहे के पास रविवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मंदिर से पूजा-अर्चना कर घर लौट रही एक महिला की क्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद क्रेन चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, टांडा उज्जैन क्षेत्र निवासी महिला सुबह करीब साढ़े सात बजे मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद घर लौट रही थीं। इसी दौरान चौराहे के पास तेज रफ्तार क्रेन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक क्रेन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने क्रेन को कब्जे में लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के परिजनों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पुलिस हादसे के कारणों और चालक की भूमिका की जांच में जुटी है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal
