Breaking News

टीएचडीसी टनल हादसा: 22 में से 19 लोग सुरक्षित निकाले गए, 3 की तलाश जारी; अब तक 7 मौतें, सीएम धामी पहुंचे घटनास्थल पर

@शब्द दूत ब्यूरो (14 अगस्त 2026)

चमोली। मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी भरने की घटना के बाद रातभर राहत एवं बचाव अभियान जारी रहा। जिला प्रशासन के अनुसार टनल में फंसे 22 लोगों में से अब तक 19 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि शेष 3 लोगों की तलाश और रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। हादसे में अब तक 7 लोगों की दुखद मृत्यु की सूचना है।

टीएचडीसी की विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना के टीआरटी टनल की लंबाई करीब 3 किलोमीटर है। टनल के लगभग 1.50 किलोमीटर हिस्से में भूधंसाव के कारण अचानक मलबा और पानी आने से वहां काम कर रहे लोग फंस गए थे।

घटना के बाद राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग के लिए टनल के अंदर गए सभी 6 बचावकर्मी भी सुरक्षित हैं। रेस्क्यू किए गए घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर लाया गया है, जहां चिकित्सकों और स्वास्थ्य विभाग की टीमें उनके स्वास्थ्य की लगातार निगरानी कर रही हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने टनल के अंदर जाकर लिया जायजा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान का स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने टनल के अंदर जाकर बचाव एवं राहत कार्यों की स्थिति का जायजा लिया तथा रेस्क्यू टीमों से मौके पर जानकारी प्राप्त की।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेस्क्यू अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी उपलब्ध संसाधनों और तकनीकी विशेषज्ञता का प्रभावी इस्तेमाल किया जाए। उन्होंने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस तथा अन्य बचाव दलों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने और टनल में फंसे तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को अब तक हुए रेस्क्यू और घटनास्थल पर चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी दी। जिलाधिकारी स्वयं घटनास्थल पर मौजूद रहकर पूरे अभियान की निगरानी कर रहे हैं।

बचाव अभियान में जुटीं विशेषज्ञ टीमें

टनल के भीतर मलबा और पानी बड़ी चुनौती बना हुआ है। इसके बावजूद एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस सहित तकनीकी एवं विशेषज्ञ टीमें अत्यंत सावधानी और समन्वय के साथ रेस्क्यू अभियान चला रही हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बचाव अभियान के साथ घायलों के उपचार, प्रभावित परिवारों की सहायता और घटनास्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी न रहे। प्रशासन की ओर से पूरे घटनाक्रम पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और शेष तीन लोगों को सुरक्षित निकालना अभियान की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इस दौरान काबीना मंत्री एवं प्रभारी मंत्री भरत चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, राज्य मंत्री हरक सिंह, पूर्व काबीना मंत्री राजेंद्र भंडारी, नगर पंचायत अध्यक्ष आरती नवानी, सभासद राजा जोशी, आपदा सचिव विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद रहे।

Website Design By Mytesta +91 8809666000

Check Also

रामगढ़ महाविद्यालय में अभिविन्यास कार्यक्रम, तिरंगा रैली में गूंजे भारत माता के जयकारे

🔊 Listen to this @शब्द दूत ब्यूरो (12 अगस्त 2026) भवाली/रामगढ़। राजकीय महाविद्यालय रामगढ़ में …

googlesyndication.com/ I).push({ google_ad_client: "pub-