Breaking News

हरिद्वार :कांवड़िए के वेश में आए दो युवक, व्यापारी को थमाया नकली नोट; 30 हजार के जाली नोट छोड़कर फरार

@शब्द दूत ब्यूरो (08 अगस्त 2026)

हरिद्वार। कांवड़ मेले की भीड़ का फायदा उठाकर नकली नोट खपाने का मामला सामने आया है। हरकी पैड़ी क्षेत्र में कांवड़ियों के वेश में पहुंचे दो युवकों ने एक पूजा सामग्री विक्रेता के साथ लेन-देन के दौरान 200 रुपये का नकली नोट चलाने का प्रयास किया। व्यापारी को नोट पर शक हुआ तो उसने दोनों युवकों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से करीब 30 हजार रुपये के नकली नोट बरामद हुए।

घटना हरकी पैड़ी चौकी क्षेत्र में काली मंदिर के पास की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक कांवड़ियों के वेश में आए थे। व्यापारी ने नकली नोट होने का शक होने पर दोनों को पकड़ लिया और उनके पास मौजूद नकली नोटों का बंडल अपने कब्जे में ले लिया। इसी दौरान दोनों युवक व्यापारी को धक्का देकर कांवड़ियों की भारी भीड़ में फरार हो गए।

व्यापारी ने बरामद नकली नोटों का बंडल पुलिस को सौंप दिया। पुलिस के अनुसार, बरामद नोटों में 100 और 200 रुपये के नकली नोट शामिल हैं। आरोपियों के पास से मुरादाबाद और चंदौसी के रेलवे टिकट भी मिलने की बात सामने आई है।

घटना के समय मेला पुलिस के जवान भी क्षेत्र में मौजूद थे, लेकिन भीड़ का फायदा उठाकर आरोपी भागने में सफल रहे। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और नकली नोटों को कब्जे में लेकर जीडी में दाखिल कर जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने व्यापारी से आरोपियों के हुलिए और अन्य जानकारी जुटाने के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का प्रयास है कि फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाए।

शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा ने बताया कि उपलब्ध साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पहचान होने के बाद उनके खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

हरिद्वार में इससे पहले भी नकली नोटों के मामले सामने आ चुके हैं। श्यामपुर कोतवाली पुलिस ने बीती 27 जून को वनकर्मियों के साथ मारपीट के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों की गाड़ी से 52,500 रुपये के नकली नोट बरामद हुए थे।

मामले की आगे की जांच में देवेंद्र कुमार, गुलजार अहमद और शगुन नाम के आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 50 हजार रुपये के नकली नोट बरामद होने की बात सामने आई थी। पूछताछ में मुख्य आरोपी देवेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया था कि उसने और गुलजार ने बिजनौर के बड़ापुर क्षेत्र में करीब एक लाख रुपये के नकली नोट छापे थे।

पुलिस ने इस मामले में कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। अब कांवड़ मेले के दौरान नकली नोट खपाने की कोशिश का नया मामला सामने आने के बाद पुलिस इस घटना को भी गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Website Design By Mytesta +91 8809666000

Check Also

उत्तराखंड :कांग्रेस की नई कार्यकारिणी घोषित, 24 उपाध्यक्ष, 36 महासचिव और 107 सचिव बनाए गए, काशीपुर से डॉ दीपिका गुड़िया,संदीप सहगल, इंदुमान को मिली महत्वपूर्ण जगह

🔊 Listen to this @शब्द दूत ब्यूरो (07 अगस्त 2026) देहरादून। लंबे इंतजार के बाद …

googlesyndication.com/ I).push({ google_ad_client: "pub-