@शब्द दूत ब्यूरो (09 जुलाई 2026)
देहरादून। उत्तराखंड के प्रसिद्ध बद्रीनाथ मंदिर में चोरी के मामले को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का सख्त बयान सामने आया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि इस मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा। सरकार ने पूरे प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए जांच समिति का गठन कर दिया है, जबकि पुलिस भी अपने स्तर पर जांच और आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि धार्मिक आस्था के सबसे बड़े केंद्रों में शामिल बद्रीनाथ मंदिर में चोरी जैसी घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मंदिर में चोरी करना केवल कानून का उल्लंघन ही नहीं, बल्कि धार्मिक दृष्टि से भी अत्यंत घोर अपराध है। उन्होंने इसे “गौ-हत्या जैसा पाप” बताते हुए कहा कि ऐसे कृत्य किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जा सकते।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस मामले को पूरी गंभीरता से ले रही है। जांच समिति सभी तथ्यों की गहन पड़ताल करेगी और यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या संलिप्तता सामने आती है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से पूरी की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस अपनी जांच कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा होने की उम्मीद है। दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि भविष्य में धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal