@शब्द दूत ब्यूरो (02 जुलाई 2026)
अयोध्या। राम मंदिर में चढ़ावे की कथित अनियमितताओं की जांच के बीच अब भर्ती प्रक्रिया भी जांच के दायरे में आ गई है। विशेष जांच दल (SIT) को आशंका है कि मंदिर में लगभग 125 कर्मचारियों की नियुक्ति के दौरान नौकरी दिलाने के नाम पर अभ्यर्थियों से रिश्वत ली गई। मामले में पुलिस और SIT ने जांच तेज कर दी है।
जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपी अविनाश शुक्ला से पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आने का दावा किया गया है। सूत्रों के अनुसार, पूछताछ में एक पूर्व ट्रस्ट सदस्य का नाम सामने आया है, जिसके बाद जांच एजेंसियां भर्ती प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेजों और नियुक्तियों की गहन पड़ताल कर रही हैं।
SIT यह पता लगाने में जुटी है कि क्या नियुक्तियां सिफारिश और धन लेकर कराई गईं। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि जिन कर्मचारियों की भर्ती हुई, उनमें किसी प्रभावशाली व्यक्ति के करीबी या रिश्तेदार तो शामिल नहीं हैं। इसके अलावा संबंधित लोगों के बैंक खातों, वित्तीय लेन-देन और संपत्तियों की भी जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि राम मंदिर में चढ़ावे की कथित गड़बड़ी के मामले में पहले ही एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। इसी जांच के दौरान भर्ती में कथित भ्रष्टाचार का मामला भी सामने आया, जिसके बाद SIT ने इसे अपनी जांच का हिस्सा बना लिया।
फिलहाल जांच एजेंसियों ने स्पष्ट किया है कि भर्ती में रिश्वत लेने के आरोपों की जांच जारी है और अभी किसी भी व्यक्ति को दोषी घोषित नहीं किया गया है। जांच पूरी होने के बाद साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal