Breaking News

भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई)की रिपोर्ट में जियो सबसे आगे, बीएसएनएल सबसे पीछे; काशीपुर, रुद्रपुर और हल्द्वानी में मोबाइल नेटवर्क की गुणवत्ता का हुआ खुलासा

@शब्द दूत ब्यूरो (08 जून 2026)

काशीपुर/रुद्रपुर/हल्द्वानी। भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (TRAI) ने उत्तर प्रदेश (पश्चिम) लाइसेंस सेवा क्षेत्र के अंतर्गत रुद्रपुर, हल्द्वानी और काशीपुर शहरों में मोबाइल नेटवर्क सेवाओं की गुणवत्ता का आकलन करने के लिए स्वतंत्र ड्राइव टेस्ट (IDT) कराया। अप्रैल 2026 में किए गए इस परीक्षण की रिपोर्ट जारी करते हुए ट्राई ने विभिन्न दूरसंचार कंपनियों के नेटवर्क प्रदर्शन, कॉल ड्रॉप, नेटवर्क कवरेज और इंटरनेट स्पीड से जुड़े महत्वपूर्ण आंकड़े सार्वजनिक किए हैं।

ट्राई द्वारा 6 से 9 अप्रैल 2026 के बीच रुद्रपुर, हल्द्वानी और काशीपुर में कुल 408 किलोमीटर सिटी ड्राइव, 14 हॉटस्पॉट स्थलों और 3.2 किलोमीटर वॉक टेस्ट के माध्यम से मोबाइल नेटवर्क की गुणवत्ता की जांच की गई। इस दौरान एयरटेल, बीएसएनएल, रिलायंस जियो और वोडाफोन आइडिया के 2जी, 3जी, 4जी और 5जी नेटवर्क का परीक्षण किया गया।

रिपोर्ट के अनुसार डेटा डाउनलोड स्पीड के मामले में रिलायंस जियो सबसे आगे रहा। जियो की औसत डाउनलोड स्पीड 246.69 एमबीपीएस दर्ज की गई। इसके बाद एयरटेल 154.21 एमबीपीएस के साथ दूसरे स्थान पर रहा। वहीं वोडाफोन आइडिया की डाउनलोड स्पीड 45.15 एमबीपीएस और बीएसएनएल की मात्र 9.49 एमबीपीएस दर्ज की गई।

डेटा अपलोड प्रदर्शन में रिलायंस जियो की औसत स्पीड 28.59 एमबीपीएस रही, जबकि एयरटेल 28.18 एमबीपीएस के साथ बेहद करीब रहा। वोडाफोन आइडिया की अपलोड स्पीड 14.10 एमबीपीएस और बीएसएनएल की केवल 4.09 एमबीपीएस दर्ज की गई।

कॉल ड्रॉप के आंकड़ों में बीएसएनएल का प्रदर्शन सबसे कमजोर पाया गया। परीक्षण के दौरान बीएसएनएल की 472 सफल कॉलों में से 30 कॉल ड्रॉप हुईं। इसके मुकाबले एयरटेल की 511 कॉलों में केवल 2, जियो की 476 कॉलों में 3 तथा वोडाफोन आइडिया की 507 कॉलों में 2 कॉल ड्रॉप दर्ज की गईं।

खराब सिग्नल या कवरेज गैप के मामलों में भी बीएसएनएल का प्रदर्शन अन्य कंपनियों की तुलना में कमजोर रहा। परीक्षण के दौरान बीएसएनएल के 54,757 नमूनों में से 11,090 नमूनों में सिग्नल निर्धारित मानक से कम पाया गया। जबकि एयरटेल में 2,512, जियो में 1,944 और वोडाफोन आइडिया में केवल 835 कवरेज गैप के मामले सामने आए।
कॉल साइलेंस की समस्या सबसे कम जियो में
कॉल साइलेंस यानी बातचीत के दौरान तीन सेकंड से अधिक समय तक आवाज बंद रहने की घटनाओं में भी जियो का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा। जियो में 481 कॉलों में केवल 5 कॉल साइलेंस इंस्टेंस दर्ज किए गए। एयरटेल में 23, बीएसएनएल में 22 और वोडाफोन आइडिया में 16 ऐसे मामले पाए गए।

ड्राइव टेस्ट के दौरान रुद्रपुर में गदरपुर, दिनेशपुर, जयनगर, खेमपुर-खानपुर, बिंदुखेड़ा, लालपुर, किच्छा और आसपास के क्षेत्रों को शामिल किया गया। हल्द्वानी में काठगोदाम, ट्रांसपोर्ट नगर, गोरापड़ाव और मोटाहल्दू क्षेत्रों में नेटवर्क की जांच की गई। वहीं काशीपुर में प्रतापपुर, कचनालगाजी, धामरखेड़ा, ढकिया कलां, सुल्तानपुर, पट्टी कलां और रामनगर मार्ग सहित कई क्षेत्रों का परीक्षण किया गया।

इसके अलावा काशीपुर रेलवे स्टेशन, काशीपुर बस डिपो, केवीआर अस्पताल, मां बाल सुंदरी मंदिर, हल्द्वानी बस स्टेशन, पंतनगर एयरपोर्ट, सरकारी मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर एवं हल्द्वानी सहित 14 प्रमुख हॉटस्पॉट स्थानों पर भी नेटवर्क गुणवत्ता का परीक्षण किया गया।

ट्राई ने बताया कि स्वतंत्र ड्राइव टेस्ट की पूरी रिपोर्ट संबंधित दूरसंचार सेवा प्रदाताओं के साथ साझा कर दी गई है ताकि वे नेटवर्क गुणवत्ता में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठा सकें। विस्तृत रिपोर्ट ट्राई की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
रिपोर्ट से स्पष्ट है कि रुद्रपुर, हल्द्वानी और काशीपुर क्षेत्र में मोबाइल इंटरनेट स्पीड और नेटवर्क गुणवत्ता के मामले में रिलायंस जियो सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाली कंपनी रही, जबकि बीएसएनएल को अपने नेटवर्क और सेवा गुणवत्ता में व्यापक सुधार की आवश्यकता है।

Website Design By Mytesta +91 8809666000

Check Also

मुख्यमंत्री धामी ने बढ़ाया सिख समाज का सम्मान, गुरु ननकाना साहिब चौक समेत काशीपुर के आठ प्रमुख चौराहों का होगा सौंदर्यीकरण

🔊 Listen to this @शब्द दूत ब्यूरो (06 जून 2026) काशीपुर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर …

googlesyndication.com/ I).push({ google_ad_client: "pub-